महिला की संदिग्ध मौत पर मायका पक्ष का हंगामा, निर्माणाधीन मकान में शव को लगा दी आग

punjabkesari.in Tuesday, Dec 06, 2022 - 08:04 PM (IST)

ससुराल पक्ष व गांव वासियों पर किया डंडों से हमला 
घुमारवीं (कुलवंत):
पुलिस थाना घुमारवीं के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत कोठी के गांव रौ में हुई महिला की संदिग्ध मौत के मामले में मायके पक्ष से आए हुए लोगों ने डंडों से ससुराल पक्ष व स्थानीय ग्राम वासियों पर हमला कर दिया। इतना ही नहीं, इन लोगों ने मृतका के निर्माणाधीन मकान के अंदर शव को आग लगा दी। हंगामा इतना जबरदस्त था कि आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी मच गई। बताते चलें कि बीते कल इस गांव की एक विवाहिता नीलम कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इसे लेकर मृतका के पिता बाबूराम निवासी गांव चांबा तहसील सुंदरनगर ने पुलिस थाना घुमारवीं में दिए शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया कि ससुराल पक्ष के लोग नीलम कुमारी को बीते 7 वर्षों से तंग करते आ रहे थे। घुमारवीं पुलिस ने इस मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया।

पुलिस जवानों ने मिट्टी व पानी फैंककर बुझाई आग
मंगलवार केा  मायका पक्ष लोग बड़ी संख्या में मृतका के ससुराल डंडों से लैस होकर पहुंच गए। मायके पक्ष के लोग ससुराल पक्ष के लोगों को कहने लगे कि उन्होंने मृतका के शव को नए कपड़े पहनाने हैं। उसके उपरांत आप लोग अंतिम संस्कार की तैयारी कर लें। ससुराल पक्ष के लोगों ने शव को मायके पक्ष को सौंप दिया। मायके पक्ष के लोग महिला के शव को उसके निर्माणाधीन मकान के अंदर ले गए और शव के ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग के हवाले कर दिया। मौके पर उपस्थित पुलिस के जवानों ने मिट्टी व पानी फैंककर आग को बुझाया। 

हमले में ससुराल पक्ष के 2 लोग घायल, मायका पक्ष के 2 लोग गिरफ्तार
इसी दौरान मायके पक्ष से आए हुए लोगों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में 2 लोग घायल हुए हैं। कुछ लोगों को आंशिक चोटें भी आई हैं। मौके पर मौजूद पुलिस के जवानों ने दोनों पक्षों को छुड़ाया। इस मामले में पुलिस ने मायके पक्ष से आए हुए 2 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि ये दोनों मायके पक्ष के लोगों को उकसाने का काम कर रहे थे। घुमारवीं पुलिस ने किशोरी लाल पुत्र शिविया तथा जयप्रकाश पुत्र बलिराम निवासी गांव चांबा तहसील सुंदरनगर को गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी घुमारवीं अनिल ठाकुर ने कहा कि पुलिस ने 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन्हें बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News