कसौली में 'अग्नितांडव': हेरिटेज मार्केट में तड़के लगी भयानक आग, कई दुकानें जलकर राख

punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 10:35 AM (IST)

कसौली (जितेंद्र)। हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कसौली से एक दुखद खबर सामने आई है। यहाँ की ऐतिहासिक हेरिटेज मार्केट में सोमवार तड़के भीषण आग लग गई। इस हादसे में करीब कई दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गई हैं।

तड़के 3:30 बजे हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि आग सुबह करीब 3:30 बजे लगी। उस वक्त बाजार पूरी तरह खाली था, जिससे कोई जानी नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी भयानक थी कि इसकी लपटें दूर-दूर तक देखी गईं।

सिलेंडर ब्लास्ट से बढ़ी दहशत

आग बुझाने के दौरान बाजार में हड़कंप मच गया जब दुकानों के अंदर रखे 12 से 14 गैस सिलेंडर एक के बाद एक फट गए। इन धमाकों के कारण आग और तेजी से फैली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जलने वाली दुकानों में कपड़ों और खिलौनों की दुकानें, मोमोज की दुकान और स्थानीय कैफे शामिल हैं। माना जा रहा है कि आग की शुरुआत इन्हीं में से किसी एक दुकान से हुई थी।

शॉर्ट सर्किट की आशंका

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, आग लगने का प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

मौके पर पहुंचा प्रशासन

हादसे की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग (Fire Brigade) की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। स्थिति का जायजा लेने के लिए एसडीएम कसौली, महेंद्र प्रताप सिंह व एसएचओ धर्मपुर भी अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन अब नुकसान का आकलन करने और आग के सटीक कारणों की जांच करने में जुटा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News