Shimla: सेब के बगीचे में आग लगाने का आरोप, 150 पौधे जलकर राख

punjabkesari.in Saturday, Mar 07, 2026 - 11:01 PM (IST)

रोहड़ू (बशनाट): चिड़गांव क्षेत्र में सेब के बगीचे में आग लगाने का मामला सामने आया है। पुलिस थाना चिड़गांव में सतेंद्र सिंह चौहान निवासी टिपरोली जिला शिमला की लिखित शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में बताया गया है कि 28 फरवरी, 2026 को उनके पिता सुरेंद्र सिंह चौहान के जयलोट स्थित सेब के बगीचे में अचानक आग लग गई। इस आगजनी में करीब अढ़ाई बीघा भूमि में लगे लगभग 150 सेब के पौधे जलकर नष्ट हो गए।

शिकायतकर्त्ता ने आरोप लगाया है कि यह आग जानबूझ कर एक स्थानीय व्यक्ति द्वारा लगाई गई है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि जब इस संबंध में आरोपी से संपर्क किया गया तो उसने बगीचे में आग लगाने की बात स्वीकार करते हुए शिकायतकर्त्ता को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। उधर, पुलिस अधीक्षक शिमला गौरव सिंह ने कहा कि भारतीय न्याय संहिता 326(एफ), 351(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच पुलिस पोस्ट जांगला द्वारा की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News