खुलासा! 4 साल में सरकारी स्कूलों में रह गए बस इतने छात्र
punjabkesari.in Thursday, Mar 30, 2017 - 09:46 AM (IST)
शिमला: हिमाचल के सरकारी स्कूलों में लगातार छात्रों की संख्या घट रही है। बीते चार सालों से लेकर अब तक सरकारी स्कूलों में छात्रों की संख्या में 1,17,554 की गिरावट आई है। वर्ष 2013-14 के दौरान यह संख्या 10,07,196 थी, जो वर्ष 2016-17 के दौरान घटकर 8,89,642 रह गई। वीरभद्र सिंह ने विधायक सुरेश भारद्वाज की तरफ से पूछे प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि छात्रों की संख्या 10,07,196, वर्ष 2014-15 में 9,59,147, वर्ष 2015-16 में 9,31,187 थी और वर्ष 2016-17 में 8,89,642 रह गई है।
इन स्कूलों में इतने छात्र
उन्होंने कहा कि बिलासपुर में इस समय 850 स्कूल, चम्बा में 1,645, हमीरपुर में 757, कांगड़ा में 2,540, किन्नौर में 264, कुल्लू में 1,033, लाहौल-स्पीति में 270, मंडी में 2,477, सिरमौर में 1,452, सोलन में 1,088 और ऊना में 763 सरकारी स्कूल हैं। इस तरह राज्य में कुल 15,486 सरकारी स्कूल हैं। इसके अलावा निजी क्षेत्र में 4,359 स्कूल खोले गए हैं। इसमें चम्बा जिले में 213, बिलासपुर में 269, हमीरपुर में 359, कांगड़ा में 1,133, किन्नौर में 56, कुल्लू में 282, लाहौल-स्पीति में 06, मंडी में 674, शिमला में 522, सोलन में 370 और ऊना में 253 स्कूल खोले गए हैं। परिवहन मंत्री जी.एस. बाली ने विधायक रिखी राम कौंडल की तरफ से पूछे प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि परिवहन विभाग की ओर से बद्दी और ऊना में नए परिवहन नगर स्थापित करने का प्रस्ताव है। उन्होंने कहा कि इन नगरों की संरचना तैयार होने के बाद ही लागत का पता चल सकेगा।