मंडी नगर निगम चुनाव: 15 वार्डों का आरक्षण रोस्टर जारी, यहां देखें आपका वार्ड ओपन हुआ या रिजर्व
punjabkesari.in Wednesday, Apr 01, 2026 - 02:48 PM (IST)
मंडी (रजनीश): मंडी नगर निगम के आगामी चुनावों को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं और इसी कड़ी में बुधवार को प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। उपायुक्त (डीसी) मंडी अपूर्व देवगन ने नगर निगम के सभी 15 वार्डों के आरक्षण से संबंधित आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इस रोस्टर के जारी होते ही शहर का सियासी पारा एकाएक चढ़ गया है और संभावित उम्मीदवारों ने अपने-अपने वार्डों में चुनावी गोटियां फिट करना शुरू कर दिया है।
15 वार्डों को अलग-अलग श्रेणियों में बांटा
प्रशासन द्वारा जारी किए गए नए आरक्षण रोस्टर के अनुसार नगर निगम के कुल 15 वार्डों को अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया है। इसमें खलियार, तल्याहड़, पैलेस कालोनी-2, समखेतर और भगवाहन वार्ड को अनारक्षित (ओपन) रखा गया है। वहीं, पुरानी मंडी, पड्डल, नेला, मंगवाईं, पैलेस कालोनी-1 और थनेहड़ा वार्ड को महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया है। इसके अलावा सन्यारड़ व बैहना वार्ड अनुसूचित जाति (एससी) के लिए, जबकि सुहड़ा और दौहंदी वार्ड को अनुसूचित जाति की महिलाओं (एससी महिला) के लिए रिजर्व किया गया है।
नए चेहरों के चुनावी मैदान में उतरने की प्रबल संभावना
वार्डों की स्थिति स्पष्ट होने के बाद शहर के कई वार्डों के राजनीतिक समीकरण पूरी तरह से बदल गए हैं। कई पुराने दिग्गजों के वार्ड आरक्षित होने से उन्हें अब नई रणनीति पर विचार करना पड़ रहा है। विशेष रूप से महिला आरक्षित और अनुसूचित जाति के लिए रिजर्व हुई सीटों पर इस बार कई नए चेहरों के चुनावी मैदान में उतरने की प्रबल संभावना बन गई है, जिससे मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है।
जनगणना और नियमों के आधार पर हुआ निर्धारण
डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने इस प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बताते हुए स्पष्ट किया कि वार्डों का निर्धारण नवीनतम जनगणना के आंकड़ों और निर्धारित नियमों के प्रावधानों के तहत ही किया गया है। इसमें अनुसूचित जाति और महिलाओं की जनसंख्या के अनुपात को मुख्य आधार बनाया गया है, ताकि समाज के हर वर्ग को उचित और समान प्रतिनिधित्व मिल सके। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है।
यहां देख सकते हैं आधिकारिक सूची
आम जनता की सुविधा और पारदर्शिता को बनाए रखने के लिए इस आरक्षण रोस्टर की प्रतियां विभिन्न सरकारी कार्यालयों के सूचना पट्ट (नोटिस बोर्ड) पर चस्पा कर दी गई हैं। शहर के नागरिक और संभावित उम्मीदवार विस्तृत जानकारी के लिए डीसी कार्यालय मंडी, एसडीएम सदर मंडी, एसडीएम बल्ह और नगर निगम मंडी के कार्यालय में जाकर आधिकारिक सूची का अवलोकन कर सकते हैं।

