हिमाचल के इन क्षेत्रों में दौड़ेगी HRTC की Luxury AC Tempo Traveller

punjabkesari.in Friday, Nov 25, 2016 - 01:20 AM (IST)

शिमला: प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों की जनता को अब सीधे चंडीगढ़ तक जाने के लिए आरामदायक लग्जरी सफर की सुविधा मिलेगी। प्रदेश के जिन दूरदराज क्षेत्रों में वोल्वो बस नहीं पहुंच पाती, उन क्षेत्रों में परिवहन निगम एसी टैम्पो ट्रैवलर चलाने जा रहा है। इसके लिए परिवहन निगम द्वारा रूट भी तय कर दिए हैं और जल्द ही प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में एसी टैम्पो ट्रैवलर सुविधा चलाई जाएगी। इसके साथ अन्य व्यस्त रहने वाले रूटों पर भी निगम यात्रियों को लग्जरी यात्रा सुविधा देने की तैयारी कर रहा है।

इन टैम्पो टै्रवलर में जनता साधारण निगम की बस से केवल 30 प्रतिशत किराया अधिक देकर आरामदायक लग्जरी सफर का आनंद उठा सकेगी। प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों से इस बस सेवा के शुरू होने से जहां लोगों को सीधे चंडीगढ़ तक पहुंचने में आसानी होगी, वहीं निगम की आय में बढ़ौतरी भी होगी। अभी हाल में परिवहन निगम ने प्रदेश के 52 रूटों पर नई ए.सी. टैम्पो ट्रैवलर 26 सीटर गाडिय़ों को चलाने का निर्णय लिया है। अभी तक कुछ स्थानों से सीधे चंडीगढ़ के लिए बस सेवा शुरू भी की गई है और अब बाकी के स्थानों पर भी बस सेवा शुरू की जा रही है। 

इन क्षेत्रों में मिलेगी एसी टैम्पो ट्रैवलर सुविधा
प्रदेश के दूरदराज जिला चम्बा से सीधे चंडीगढ़ तक लोगों को आरामदायक लग्जरी बस सेवा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही जिला हमीरपुर के जाहू से चंडीगढ़ के लिए यह सेवा उपलब्ध होगी। इसके अलावा प्रदेश के जिला शिमला के रोहड़ू से चंडीगढ़, जयसिंहपुर से चंडीगढ़, नेरवा से चंडीगढ़, पालमपुर-सुलह से चंडीगढ़, हमीरपुर से चंडीगढ़ और रामपुर से चंडीगढ़ व रिकांगपिओ से चंडीगढ़ के लिए यह सेवा उपलब्ध होगी। 

परिवहन मंत्री जीएस बाली ने बताया कि ट्राइबल क्षेत्रों में जहां बड़ी बसों को पहुंचने में दिक्कतें हो रही हैं, वहां की जनता के लिए सीधे चंडीगढ़ तक लग्जरी एसी टैम्पो टै्रवलर सेवा शुरू की जाएगी। इसके लिए कुछ स्थानों पर रूट तय किए गए हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News