Kangra: परौर पहुंचे डेरा प्रमुख बाबा गुरिंद्र सिंह ढिल्लों, निर्माण कार्यों का लिया जायजा

punjabkesari.in Tuesday, Feb 17, 2026 - 09:12 PM (IST)

​सुलह: राधा स्वामी सत्संग व्यास के प्रमुख बाबा गुरिंद्र सिंह ढिल्लों मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के परौर स्थित सत्संग घर पहुंचे। अपने गुरु के आगमन की सूचना मिलते ही हजारों की संख्या में अनुयायी उनके दर्शनों के लिए डेरे में उमड़ पड़े।

​निजी चॉपर से पहुंचे परौर
​जानकारी के अनुसार, बाबा जी सुबह 11 बजे के करीब अपने निजी चॉपर से परौर पहुंचे। यहां पहुंचने के उपरांत उन्होंने सत्संग घर परिसर के भीतर चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने परौर सत्संग घर के समीप हो रहे फोरलेन निर्माण कार्य का भी जायजा लिया।

​दरंग में नए डेरे का निरीक्षण
​परौर के बाद महाराज ने दरंग का दौरा किया, जहां भूमि पर निर्माणाधीन नए पंडाल के कार्यों का जायजा लिया गया। निरीक्षण के बाद बाबा जी ने लगभग 20 से 25 हजार की संख्या में उपस्थित संगत को दर्शन दिए। इसके अलावा बाबा जी ने कोई भी प्रवचन या उपस्थित संगत से सवाल-जवाब नहीं किए।

​सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था
​हजारों की संख्या में संगत के पहुंचने के कारण यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना एक चुनौती थी। एस.एच.ओ. भवारना गुरुदेव सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर मोर्चा संभाले हुए थे। हालांकि इस दौरान सड़क मार्ग पर जाम की कोई स्थिति नहीं बनी।

​भोटा के लिए होंगे रवाना
​बाबा जी का रात्रि ठहराव परौर में ही रहा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बुधवार को वह सुबह 9.30 बजे के करीब हमीरपुर जिले के भोटा के लिए प्रस्थान करेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News