कुलदीप राठौर बोले-हिमाचल में एन.एस.यू.आई. को मजबूत करेगी कांग्रेस

Tuesday, Jun 25, 2019 - 06:29 PM (IST)

शिमला (तिलक राज): हिमाचाल में निष्क्रिय हो चुकी छात्र संघठन एन.एस.यू.आई. को फिर से कांग्रेस एक्टिव करने जा रही है। इसको लेकर कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने सभी पूर्व एन.एस.यू.आई. अध्यक्षों के साथ बैठक की और संगठन को कैसे पुनर्गठित किया जाए, इस पर सुझाव लिए और वर्तमान में एन.एस.यू.आई. के पदाधिकारियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने राष्ट्रीय एन.एस.यू.आई. अध्यक्ष से हिमाचल में 2 वर्षों से खाली पड़े प्रदेश अध्यक्ष के पद को जल्द भरने का आग्रह किया। बैठक में एन.एस.यू.आई. के पूर्व अध्यक्षों ने कांग्रेस की जड़ एन.एस.यू.आई. को मजबूत करने के लिए छात्र संघ की चुनाव प्रक्रिया को पुन: शुरू करने की मांग उठाई।

छात्र संघ के लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ेंगे लड़ाई

इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से कॉलेजों में छात्र संगठन के चुनाव न होने की वजह से एन.एस.यू.आई. में सदस्यता नहीं हो पाई। इस वजह से पार्टी में नए सदस्य नहीं जुड़ पाए। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से एन.एस.यू.आई. के प्रदेश अध्यक्ष का पद खाली रहने से भी इस सगंठन का विस्तार नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जल्द ही एन.एस.यू.आई. के कार्यकारी अध्यक्ष की नियुक्ति कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि छात्र संघ के लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि पूर्व अध्यक्षों को पार्टी में मान-सम्मान पूरा किया जाएगा। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष के राजनीतिक सचिव हरि कृष्ण हिमराल, प्रदेश कांग्रेस कार्यकारणी की सदस्य शर्मिला पटियाल के अतिरिक्त युबा कांग्रेस के अध्यक्ष मनीष ठाकुर भी उपस्थित रहे।

एन.एस.यू.आई. को संगठित करने के लिए इन्हें सौंपी जिम्मेदारी

बैठक के दौरान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने प्रदेश में एन.एस.यू.आई. को संगठित करने के लिए जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। इसमें अरुण शर्मा को शिमला कैम्पस, शर्मिला पटियाल को शिमला शहर और प्रदेश के सभी कन्या महाविद्यालय, केवल सिंह पठानिया को कांगड़ा, चम्बा और ऊना जिला, अतुल शर्मा को शिमला ग्रामीण और किन्नौर, विवेक कुमार को बिलासपुर और हमीरपुर,यदुपति ठाकुर को मंडी, रिम्पल चौधरी को कुल्लू और लाहौल-स्पीति, मुनीष ठाकुर को सोलन व सिरमौर जिलों में एन.एस.यू.आई. के संगठन को मजबूत करने और विस्तार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Vijay