अपहरण के बाद 2 छात्राओं से रेप मामला : पीड़ित लड़की की भाभी गिरफ्तार

punjabkesari.in Sunday, Apr 07, 2019 - 10:42 PM (IST)

गोहर: सराज के छतरी में अपहरण के बाद दुराचार मामले में एक पीड़ित लड़की की भाभी की भूमिका सामने आई है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ जारी है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित नाबालिग लड़कियों ने पुलिस को बयान दिया है कि वे 30 मार्च को स्कूल में वार्षिक परीक्षा परिणाम सुनने चली गईं और उसके बाद ही भाभी ने सारा ताना-बाना बुना था।

आरोपियों को 6 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा

न्यायिक दंडाधिकारी वत्सला चौधरी ने मामले में संलिप्त आरोपियों को 6 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए हैं। पुलिस थाना प्रभारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि छतरी से दिन-दिहाड़े वार्षिक परीक्षा परिणाम सुनने आईं नाबालिग लड़कियों को जबरन कार में अगवा कर भगा ले जाने और सुनसान जगह पर उनके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार हुए राजेंद्र कुमार, भूपेंद्र सिंह और राजेश को शनिवार को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए हैं।

अदालत में पेश की जाएगी महिला

डी.एस.पी. करसोग अरुण मोदी ने अदालत से आरोपियों को 12 मार्च तक न्यायिक हिरासत में भेजने व मामले में संलिप्त महिला को गिरफ्तार करने की पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार की गई महिला को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Related News