वीरभद्र-सुक्खू की जुबानी जंग के बीच रजनी पाटिल भरेंगी चुनावी हुंकार
punjabkesari.in Sunday, Jul 08, 2018 - 05:59 PM (IST)

शिमला (राक्टा): पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और पार्टी प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के बीच चल रही जुबानी जंग के बीच कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल सोमवार से राज्य में चुनावी हुंकार भरेंगी। पाटिल धर्मशाला से अपने दौरे की शुरूआत करेंगी। कांग्रेस में जारी गुटबाजी को देखते हुए पाटिल के दौरे पर सभी की नजरें रहेंगी। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह जहां लगातार पार्टी अध्यक्ष पर निशाने साधते आ रहे हैं, वहीं अब सुक्खू ने भी अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। ऐसे में लोकसभा चुनाव के लिए एकजुट होने से पहले ही कांग्रेस गुटों में बंटती नजर आ रही है। हाईकमान भी इस स्थिति से भलीभांति परिचित है।
7 जिलों का करेंगी दौरा
रजनी पाटिल अपने दौरे के तहत 7 जिलों का दौरा करेंगी। इस दौरान वह आगामी लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी के संभावित प्रत्याशियों के बारे में भी रिपोर्ट तैयार करेंगी। इसके लिए वह जमीनी स्तर के पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से मिलेंगी। विभिन्न स्थानों में होने वाले सम्मेलनों के माध्यम से आगामी लोकसभा चुनाव के लिए पूरा फीडबैक लेंगी और इसकी विस्तृत रिपोर्ट हाईकमान को सौंपेंगी। पार्टी अध्यक्ष व कांग्रेस विधायक दल के नेता के साथ-साथ अन्य वरिष्ठ नेता पाटिल के साथ मौजूद रहेंगे।
यह रहेगा पाटिल का शैड्यूल
9 जुलाई को पाटिल जिला कांगड़ा के तहत आयोजित किए जाने वाले कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेंगी। 10 जुलाई को मंडी का दौरा करेंगी। इसके साथ ही 11 को कुल्लू, 12 को बिलासपुर, 13 को शिमला ग्रामीण के ठियोग, 14 को सोलन व 15 जुलाई को सिरमौर के नाहन में कार्यकर्ता सम्मेलन होंगे। इसके साथ ही रजनी पाटिल दूसरे दौरे के तहत शेष 5 जिलों में कार्यकर्ता सम्मेलन करेंगी।
क्या बोले पार्टी प्रवक्ता
कांग्रेस के प्रवक्ता संजय सिंह चौहान ने कहा कि पार्टी की प्रदेश प्रभारी जिला कांगड़ा से अपने दौरे की शुरूआत करेंगी। उन्होंने बताया कि वह विभिन्न जिलों में होने वाले सम्मेलनों में भाग लेंगी और पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से मिलेंगी।