हिमाचल के राजगढ़ पहुंचे उत्तर प्रदेश के पूर्व CM अखिलेश यादव, प्रसिद्ध संत से की ​विशेष मुलाकात

punjabkesari.in Tuesday, Feb 24, 2026 - 05:31 PM (IST)

राजगढ़: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मंगलवार सुबह राजगढ़ उपमंडल की करगाणू पंचायत के शलामू स्थित बद्रिका आश्रम पहुंचे। बताया जा रहा है कि वह सोलन के कसौली से सीधे आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने प्रसिद्ध संत ओम स्वामी से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। गिरि गंगा नदी के पावन तट पर स्थित बद्रिका आश्रम प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक वातावरण के लिए जाना जाता है। सीमित लोगों की उपस्थिति में यह मुलाकात हुई। सूत्रों के अनुसार यह भेंट पूरी तरह निजी और गोपनीय रखी गई। हाल ही में चल रहे शंकराचार्य विवाद के बीच इस मुलाकात को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। राजनीतिक और धार्मिक हलकों में इस भेंट के अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं। हालांकि आधिकारिक रूप से इस दौरे को निजी बताया गया है।

सूत्रों के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री ने आध्यात्मिक मार्गदर्शन हेतु यह भेंट की, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए इसे लेकर विभिन्न प्रकार के कयास लगाए जा रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए थे। सोलन-राजगढ़ मार्ग पर यशवंत नगर और मरयोग क्षेत्र के आसपास स्थानीय पुलिस के जवान तैनात रहे। यशवंत नगर से आश्रम की ओर जाने वाले मार्गों पर भी निगरानी रखी गई। करगाणू पंचायत के शलामू स्थित बद्रिका आश्रम पिछले कुछ समय से आध्यात्मिक गतिविधियों के कारण सुर्खियों में रहा है। इस उच्च-प्रोफाइल मुलाकात के बाद यह स्थल एक बार फिर राजनीतिक चर्चाओं का केंद्र बन गया है। अखिलेश यादव की ओर से इस भेंट को लेकर कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News