हिमाचल में बारिश का कहर : 44 सड़कें व 100 ट्रांसफॉर्मर बंद, 10 मकान और 11 दुकानें क्षतिग्रस्त

punjabkesari.in Sunday, Jul 31, 2022 - 11:57 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल में मानसून जमकर बरस रहा है। जनजातीय जिलों लाहौल-स्पीति और किन्नौर में फ्लैश फ्लड की घटनाओं से जानमाल का भारी नुक्सान हो रहा है। कांगड़ा, हमीरपुर, सिरमौर और शिमला जिलों में कुछ स्थानों पर रविवार को जमकर बारिश हुई। इससे नदी-नाले उफान पर रहे। लाहौल-स्पीति जिले के ऊंचे इलाकों में रविवार को हल्की बर्फबारी हुई, जिससे मौसम सर्द हो गया है।  मौसम विभाग ने प्रदेश में 4 अगस्त तक भारी बारिश की आशंका जताई है। 

धर्मशाला में सबसे ज्यादा बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान कांगड़ा जिले के मुख्यालय धर्मशाला में सर्वाधिक 137 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। रविवार को राज्य में भारी वर्षा से 10 मकान, 11 दुकानें और 4 पशुशालाएं क्षतिग्रस्त हुईं। कांगड़ा में 6, हमीरपुर में 2, बिलासपुर में 1 कच्चे मकान और सिरमौर में एक पक्के मकान को आंशिक नुक्सान पहुंचा।  सिरमौर जिले में भारी वर्षा से 9 और चम्बा में 2 दुकानें क्षतिग्रस्त हुईं। इसके अलावा भूस्खलन से 44 सड़कें, 100 ट्रांसफार्मर और 7 पेयजल परियोजनाएं बंद रहीं। अकेले मंडी जिले में 95 ट्रांसफार्मर और 6 सड़कें बंद हैं। लगातार बारिश से जगह-जगह भूस्खलन, बाढ़ और सड़कें धंसने से तबाही का दौर जारी है। वर्षा जनित हादसों में एक व्यक्ति की मौत हुई जबकि 16 चोटिल हुए हैं। शिमला जिले में पहाड़़ी से गिरने के कारण एक व्यक्ति की मौत हुई है। इसके अतिरिक्त मंडी में 6, ऊना में 5, चम्बा में 4 और सोलन में 1 व्यक्ति घायल हुआ।

चंडीगढ़-मनाली एनएच बंद, वाया कटोला-बजौरा भेजे वाहन
चंडीगढ़-मनाली नैशनल हाईवे-3 पर यातायात थम गया है। थलौट के पास ब्यास नदी का जलस्तर बढऩे से पानी सड़क पर पहुंच गया जिसके बाद पंडोह से औट तक वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया और यातायात वाया कटोला-बजौरा किया। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News