Una: ऊना में झमाझम बारिश से किसानों के चेहरे खिले, फसलों को मिली संजीवनी

punjabkesari.in Saturday, Dec 28, 2024 - 06:09 PM (IST)

ऊना (मनोहर): जिला ऊना में शुक्रवार रात्रि व शनिवार सुबह हुई बारिश से कई जगह खेत-खलिहान पानी से लबालब भर गए, वहीं अनेक सड़कों पर भी बरसाती पानी खड़ा हो गया। जिन क्षेत्रों में कच्ची सड़कें हैं वहां पानी से फिसलन जैसी स्थिति हो गई है। बारिश से किसानों के चेहरे खुशी से खिल उठे हैं। बारिश होने से किसानों को खेतों में सिंचाई के लिए अब ट्यूबवैल चलाने से राहत मिलेगी। उधर, कृषि विभाग के मुताबिक खेतों में खड़े हुए पानी से फसलों को कोई नुक्सान नहीं होगा क्योंकि लम्बे अंतराल के बाद ऊना में बारिश हुई है। खेत पूरी तरह से सूखे पड़े थे, ऐसे में यह पानी जल्द ही खेतों में खत्म हो जाएगा।
PunjabKesari

2 दिनों में 37.6 मिलीलीटर बारिश दर्ज
जिला ऊना में इससे पहले वीरवार को दिन में 2 मिलीमीटर और सोमवार को एक मिलीमीटर बारिश हुई थी लेकिन वीरवार रात्रि 33 मिलीमीटर बारिश और शनिवार को दिन में 4.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। यह बारिश फसलों के लिए संजीवनी का काम करेगी। असिंचित क्षेत्रों में जहां गेहूं की फसल पानी के बिना मुरझाने लगी थी, वहीं अब किसानों को ठीक फसल होने की उम्मीद बंधी है।
PunjabKesari

आलू बीजाई का कार्य अधर में लटका
जिला ऊना में इन दिनों किसान अनेक स्थानों पर आलू लगाने का कार्य भी कर रहे थे। अब बारिश होने से उनका यह कार्य अधर में लटक गया है। जानकारी के अनुसार जिला ऊना में 15 दिसम्बर के बाद आलू की फसल लगाने का कार्य आरंभ हो जाता है। अनेक किसानों द्वारा अब आलू लगाने का कार्य किया जा रहा था। कृषि विभाग के मुताबिक करीब 700 हैक्टेयर क्षेत्रफल में किसान आलू की पक्की फसल लगाते हैं। इसका बीज किसान पंजाब या अन्य स्थानों से लेकर आते हैं। इस बार किसानों को करीब 2400 से 2500 रुपए प्रति क्विंटल आलू का बीज मिला है।

न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री सैल्सियस की वृद्धि
मौसम विभाग के सहायक अधिकारी विनोद शर्मा ने कहा कि शुक्रवार रात्रि ऊना में 33 मिलीमीटर बारिश हुई है। आज ऊना का न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया है। इसमें शुक्रवार के मुकाबले 3 डिग्री सैल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। शुक्रवार को यह 2.2 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया था।

बारिश से होगी फसलों की ग्रोथ : कृषि उपनिदेशक
कृषि उपनिदेशक ऊना डाॅ. कुलभूषण धीमान ने कहा कि ऊना में बारिश से फसलों की ग्रोथ होगी, जिन खेतों में बरसाती पानी खड़ा भी हो गया है वहां ज्यादा देर तक पानी नहीं रहेगा। यह पानी धीरे-धीरे सूख जाएगा क्योंकि लम्बे अंतराल के बाद यह बारिश पड़ी है। उन्होंने बताया कि ऊना जिला में 15 दिसम्बर के बाद किसान आलू लगाना आरंभ कर देते हैं और अब कई क्षेत्रों में इसे लगाया जा रहा था।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News