हिमाचल में जमकर बरसे मेघ, पालमपुर में सबसे अधिक 78 मिलीमीटर बारिश दर्ज

punjabkesari.in Friday, Jun 11, 2021 - 12:18 AM (IST)

शिमला (हैडली): हिमाचल प्रदेश के मध्यम व मैदानी क्षेत्रों में बारिश से उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत तो मिली लेकिन शिमला व आसपास के क्षेत्रों में बारिश के बाद उमस बढ़ गई है। वहीं मौसम के मिजाज बदलने से कई इलाकों में गरज के साथ बारिश हुई। शिमला, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों में कुछ स्थानों पर जमकर बादल बरसे। बारिश के कारण पारा गिरने से भीषण गर्मी से बेहाल लोगों को थोड़ा सुकून मिला है। कांगड़ा के पालमपुर में सर्वाधिक 78 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा सिरमौर के पांवटा साहिब में 70, सोलन के अर्की में 44, मंडी के जोगिंद्रनगर में 22 व सुंदरनगर में 18, कंडाघाट व बलद्वाड़ा में 17-17, सरकाघाट में 16, धर्मपुर में 15, बांगटू में 13, जुब्बड़हट्टी व शिमला में 11-11, सोलन में 10, भराड़ी में 8 व जंजैहली में 6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं देर शाम को ऊना में भी बारिश हुई।

राजधानी शिमला व आसपास के क्षेत्रों में दिनभर बादलों के साथ धुंध छाई रही, जिससे पूरा दिन उमस बनी रही। मौसम में आए इस बदलाव से मैदानी इलाकों के तापमान में भी हल्की गिरावट आई है। बुधवार को ऊना में पारा 43 डिग्री पार कर गया था, वहीं वीरवार को पारा लुढ़क कर 39 डिग्री पहुंच गया है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में तापमान की वृद्धि पर ब्रेक लग जाएगी। प्रदेश में शुक्रवार से मानसून पूर्व की गतिविधियां अधिक सक्रिय हो जाएंगी।

मौसम विभाग ने 11 से 16 जून तक राज्य में प्री-मानसून की झमाझम बारिश की संभावना जताई है। 11, 12 व 13 जून को प्रदेश के मैदानी व पर्वतीय इलाकों में गरज के साथ तेज बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट लाहौल-स्पीति व किन्नौर जिलों को छोड़कर शेष सभी 10 जिलों के लिए है। 11 जून को यैलो अलर्ट और 12 जून को ऑरैंज अलर्ट रहेगा। 13 जून को मैदानी इलाकों के लिए यैलो और मध्यपर्वतीय भागों के लिए ऑरैंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में हो रही बारिश पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता की वजह से है। इसे प्री-मानसून नहीं कहा जा सकता। उन्होंने कहा कि 11 जून से प्री-मानसून की बारिश की शुरूआत होगी। आने वाले 6 दिनों तक प्रदेश में मौसम खराब रहेगा। 25 जून के आसपास मानसून के हिमाचल पहुंचने का अनुमान है।

शिमला में वीरवार को अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री, सुंदरनगर में 32.8 डिग्री, भुंतर 35, कल्पा 26.6, धर्मशाला में 32.2, ऊना 39, नाहन 33.3, सोलन 29, कांगड़ा 35.4, बिलासपुर 36, हमीरपुर 34.6, चम्बा 34.9, डल्हौजी में 23.1 और केलांग में 25.9 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो शिमला में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं भुंतर 21.7, सुंदरनगर 21.8, कल्पा 13.9, धर्मशाला 20.8, ऊना 31, नाहन 24.9, केलांग 11.6, पालमपुर 19, सोलन 21.7, मनाली 17.6, कांगड़ा 26.3, मंडी 24.1, बिलासपुर 26, हमीरपुर 27, चम्बा 22.4, डल्हौजी 19.7, कुफरी, 16.5, जुब्बड़हट्टी 19.5, पांवटा साहिब 30, कसौली 19.6, नारकंडा 15 और सराहन में 20.5 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News