Kangra: यूजीसी बिल के विरोध में राजा का तालाब और देहरा में उग्र प्रदर्शन, तलवारें व झंडे लेकर सड़कों पर उतरे युवा
punjabkesari.in Sunday, Feb 01, 2026 - 07:07 PM (IST)
राजा का तालाब/देहरा (योगेश/सेठी): केंद्र सरकार के प्रस्तावित यूजीसी बिल के खिलाफ विरोध की आग अब हिमाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में फैलने लगी है। रविवार को राजा का तालाब और देहरा में समाज के विभिन्न वर्गों और करणी सेना ने इस बिल के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने इसे शिक्षा व्यवस्था और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
राजा का तालाब कस्बे में सवर्ण समाज सहित विभिन्न वर्गों के लोगों ने भारी बारिश के बीच एक विशाल विरोध रैली निकाली। प्रदर्शन का दृश्य काफी आक्रामक था, जहां युवाओं ने हाथों में नंगी तलवारें और भगवान श्रीराम व हनुमान जी के झंडे लेकर मार्च किया। बारिश में भीगते हुए प्रदर्शनकारियों ने "भाजपा सरकार होश में आओ" और "यूजीसी हटाओ, देश बचाओ" के नारे लगाए। रैली के कारण कस्बे में काफी देर तक जाम की स्थिति भी बनी रही। स्थानीय लोगों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि यह कानून बच्चों के भविष्य को अंधकार में धकेल देगा। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक यह एक्ट वापस नहीं होता, उनका संघर्ष जारी रहेगा और यह कानून किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
करणी सेना ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
वहीं, देहरा विधानसभा क्षेत्र के हनुमान चौक पर करणी सेना ने मोर्चा संभाला। करणी सेना के अध्यक्ष दीपक डढवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने यूजीसी बिल के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया। दीपक डढवाल ने केंद्र सरकार को चेताते हुए कहा कि यह प्रस्तावित बिल शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने वाला है। उन्होंने मांग की कि सरकार इसे तुरंत वापस ले। उन्होंने स्पष्ट किया कि करणी सेना छात्रों और शिक्षा के हितों के साथ कोई समझौता नहीं करेगी। यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और अधिक तेज किया जाएगा।

