सीएम के आश्वासन पर हड़ताल खत्म, हिमाचल में आज से चलेंगी निजी बसें

punjabkesari.in Wednesday, Jun 16, 2021 - 12:18 AM (IST)

शिमला/मंडी (राजेश/रजनीश): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के आश्वासन के बाद 16 जून से प्राइवेट बसें मंडी जिला की सड़कों पर दौडऩा शुरू हो जाएंगी। हड़ताल समाप्ति का ऐलान करते हुए यूनियन के पदाधिकारियों ने सभी बस ऑप्रेटरों को बुधवार सुबह से बसें रूट पर चलाने के निर्देश दे दिए हैं। यूनियन के चेयरमैन गुलशन दीवान ने बताया कि मंगलवार को यूनियन की राज्य कमेटी प्रदेशाध्यक्ष राजेश पराशर की अगुवाई में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, परिवहन मंत्री विक्रम ठाकुर व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर से मिली तथा उन्हें अपनी मांगों, समस्याओं व आंदोलन के बारे में जानकारी दी।

बस ऑप्रेटर्ज की मांगें बिल्कुल जायज

इस दौरान मुख्यमंत्री, परिवहन मंत्री व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने निजी बस ऑप्रेटरों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों को जल्द पूरा किया जाएगा। इससे पहले एक प्रतिनिधिमंडल पीटरहॉफ में हिमाचल प्रदेश निजी बस ऑप्रेटर संघ के प्रदेश महासचिव रमेश कमल की अध्यक्षता में कें द्रीय वित्त एवं राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर से भी मिला, जिसमें ऊना से पवन ठाकुर, हमीरपुर से अपरंल ठाकुर भी मौजूद रहे। इस दौरान केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर एवं परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर ने निजी बस ऑप्रेटर्ज को विश्वास दिलाया कि बस ऑप्रेटर्ज की मांगें बिल्कुल जायज हैं और इसको प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का प्रयास किया जाएगा।

निजी बस ऑप्रेटर्ज भी हमारे परिवार के सदस्य : बिक्रम ठाकुर

परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर ने कहा कि निजी बस ऑप्रेटर्ज भी हमारे परिवार के सदस्य हैं। उधर, हिमाचल प्रदेश निजी बस ऑप्रेटर संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजेश पराशर ने निजी बस ऑप्रेटरों की हड़ताल को वापस लेते हुए कहा कि हिमाचल में बुधवार से सभी बसें चल पड़ेंगी। यात्रियों को परिवहन सेवा में पूरी सेवाएं दी जाएंगी।

आज एचआरटीसी बढ़ाएगा 302 रूट

उधर, एचआरटीसी बुधवार को प्रदेशभर में 302 रूट बढ़ाएगा। निगम ने जहां पहले दिन 1226 रूटों पर बसें चलाई थीं, वहीं दूसरे दिन 1528 रूटों पर बसें चलाईं। इनमें निगम ने पहले दिन के मुकाबले 39 अधिक लम्बी दूरी की सेवाएं चलाईं। वहीं प्रदेश के लोकल रूटों 1270 रूटों पर सेवाएं दीं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News