Shimla: बिना दस्तावेज और फिटनैस के दौड़ रही थी निजी बस...2021 से नहीं भरा था रोड टैक्स, फिर RTO ने की बड़ी कार्रवाई

punjabkesari.in Tuesday, Feb 10, 2026 - 04:26 PM (IST)

शिमला (राजेश): यात्री सुरक्षा और परिवहन नियमों के सख्त पालन को सुनिश्चित करने के लिए आरटीओ शिमला ने विशेष जांच अभियान के तहत एक निजी बस को जब्त किया है। जब्त की गई बस को एचआरटीसी कार्यशाला में खड़ा किया गया है। आरटीओ शिमला से मिली जानकारी के अनुसार जांच के दौरान वाहन में कई गंभीर खामियां पाई गईं। बस का फिटनैस प्रमाण पत्र एक्सपायर था और उसके पास वैध परमिट भी नहीं था। इसके अलावा बस चालक के पास ड्राइविंग लाइसैंस और वाहन का रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र भी नहीं था। जांच में यह भी सामने आया कि बस पर विशेष सड़क कर यानी रोड टैक्स वर्ष 2021 से लंबित है और वाहन को अपने निर्धारित परमिट मार्ग से बाहर संचालित किया जा रहा था। 

आरटीओ शिमला विश्वमोहन देव चौहान ने बताया कि नियमों की अनदेखी कर चलाया जा रहा यह वाहन यात्रियों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता था। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की लापरवाही को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जब्त वाहन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। आरटीओ शिमला ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं कोई वाहन बिना वैध दस्तावेजों के या असुरक्षित स्थिति में चलता हुआ नजर आए तो इसकी सूचना तुरंत आरटीओ कार्यालय को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News