Himachal: शिमला व चंडीगढ़ के बीच हैली टैक्सी ने भरी उड़ान, जानें कितने यात्रियों ने किया सफर
punjabkesari.in Friday, Jan 30, 2026 - 08:36 PM (IST)
शिमला (ब्यूरो): शिमला व चंडीगढ़ के बीच शुक्रवार को हैली टैक्सी ने उड़ान भरी। इस दौरान चंडीगढ़ से शिमला और शिमला से चंडीगढ़ के लिए 5-5 यात्रियों ने सफर किया। हैली टैक्सी के माध्यम से यात्री मात्र 30 मिनट में गंतव्य तक पहुंच गए, जबकि सड़क मार्ग से 3 से 4 घंटे लग जाते हैं। पवन हंस लिमिटेड, चंडीगढ़ व शिमला के बीच सप्ताह में 3 दिन सोमवार, शुक्रवार व शनिवार को हैली टैक्सी सेवा संचालित करेगा। चंडीगढ़ से हैली टैक्सी सुबह 9.15 बजे उड़ान भरेगी और 9.50 बजे शिमला के संजौली हैलीपोर्ट पहुंचेगी। इसके बाद संजौली हैलीपोर्ट से हैली टैक्सी सुबह 9.55 बजे रवाना होगी और 10.30 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी।
21 जनवरी को संजौली हैलीपोर्ट से शुरू हुई थी हैली टैक्सी सेवा
उल्लेखनीय है कि शिमला व चंडीगढ़ के अलावा शिमला-रिकांगपिओ व शिमला-कुल्लू के बीच हैली टैक्सी सेवा (हैली हॉप) को बीते 21 जनवरी को शिमला के संजौली स्थित हैलीपोर्ट से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इसके बाद चंडीगढ़ व शिमला के बीच एक दिन उड़ान हुई थी और इसके बाद बर्फबारी के कारण उड़ान रद्द करनी पड़ी थी। उधर, हैरिटेज एविएशन सप्ताह के सातों दिन शिमला के संजौली हैलीपोर्ट से रिकांगपिओ रोजाना एक उड़ान और संजौली हैलीपोर्ट से कुल्लू रोजाना 2 उड़ानें संचालित कर रहा है।

