राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शिमला स्थित सेना प्रशिक्षण कमान का किया दौरा, अभियानगत तैयारियों को लगातार मजबूत बनाए रखने को कहा

punjabkesari.in Friday, May 01, 2026 - 06:59 PM (IST)

Shimla News : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को सेना प्रशिक्षण कमान (एआरटीआरएसी) से भारतीय सेना की अभियानगत तत्परता को बढ़ाने के लिए उत्साहपूर्वक काम जारी रखने का आह्वान किया। हिमाचल प्रदेश का अपना पांच दिवसीय दौरा समाप्त करने से पहले राष्ट्रपति ने यहां एआरटीआरएसी मुख्यालय का दौरा किया।

रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर ने एआरटीआरएसी के कर्मियों की उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सराहना की और उनसे अधिक उत्साह एवं जोश के साथ काम जारी रखने का आग्रह किया। एआरटीआरएसी के 'जीओसी-इन-सी' लेफ्टिनेंट जनरल देवेंद्र शर्मा ने उन्हें एआरटीआरएसी के बारे में जानकारी दी। एआरटीआरएसी मुख्यालय में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता और लेफ्टिनेंट जनरल शर्मा ने मुर्मू का स्वागत किया। मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ''एआरटीआरएसी की नवीन पहलों के बारे में विस्तार से बताते हुए लेफ्टिनेंट जनरल शर्मा ने ड्रोन प्रशिक्षण प्रोत्साहन, विशिष्ट प्रौद्योगिकियों को आत्मसात करने के लिए उठाए गए कदमों और भारतीय सेना में डिजिटलीकरण एवं स्वचालन की दिशा में की गई पहलों पर प्रकाश डाला।'' बयान में कहा गया कि राष्ट्रपति ने इस तथ्य को स्वीकार किया कि एआरटीआरएसी की युद्ध अवधारणाओं को तैयार करने, भारतीय सेना के लिए संसाधन विकसित करने और मित्र विदेशी देशों तथा सहयोगी सेवाओं के साथ व्यापक जुड़ाव रखने में व्यापक भूमिका है।

राष्ट्रपति भवन ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शिमला स्थित सेना प्रशिक्षण कमान का दौरा किया जो भारतीय सेना के प्रशिक्षण और नेतृत्व विकास के प्रमुख संस्थानों में से एक है। राष्ट्रपति ने नवाचार को बढ़ावा देने और संस्थागत प्रशिक्षण को मजबूत करने में सेना प्रशिक्षण कमान की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की, जिससे भविष्य के लिए तैयार अधिकारियों का निर्माण होता है।'' बाद में, शिमला के अनाडेल हेलीपैड पर राष्ट्रपति मुर्मू को विदाई दी गई जहां राज्यपाल कविंदर गुप्ता, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, पंचायती राज और ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह, मुख्य सचिव संजय गुप्ता, पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी और पुलिस तथा सेना के अधिकारी भी उपस्थित थे। राष्ट्रपति मुर्मू के दौरे में कई कार्यक्रम शामिल थे लेकिन खराब मौसम के कारण उन्हें शिमला में ही रहना पड़ा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News