26 अप्रैल से 2 मई के बीच हिमाचल दौरे पर आ सकती हैं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रशासन ने तैयारियों में झोंकी ताकत
punjabkesari.in Tuesday, Apr 14, 2026 - 07:32 PM (IST)
शिमला (ब्यूरो): राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हिमाचल दौरे की आहट सुनाई दे रही है। सूत्रों के अनुसार राष्ट्रपति 26 अप्रैल से 2 मई के बीच शिमला के दौरे पर आ सकती हैं। फिलहाल, राष्ट्रपति भवन की ओर से उनके आधिकारिक और विस्तृत टूअर प्रोग्राम का जारी होना बाकी है, जिसके शीघ्र आने की संभावना जताई जा रही है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी राष्ट्रपति का 5 से 9 मई के बीच शिमला आने का कार्यक्रम तय था। उस दौरान राष्ट्रपति का शिमला स्थित सेना प्रशिक्षण कमान (आरट्रैक) में कार्यक्रम निर्धारित था, साथ ही उनके आईआईटी मंडी और अटल टनल रोहतांग जाने की भी योजना थी। हालांकि, उस समय ऑप्रेशन सिंदूर के चलते राष्ट्रपति का यह दौरा स्थगित करना पड़ा था।
राष्ट्रपति के शिमला प्रवास की एक पुरानी परंपरा रही है। विशेष परिस्थितियों को छोड़कर राष्ट्रपति प्रतिवर्ष अपनी गर्मियों की छुट्टियां मनाने शिमला आते हैं। इस दौरान राष्ट्रपति मशोबरा स्थित आधिकारिक राष्ट्रपति निवास द रिट्रीट में ठहरते हैं। इस बार भी उनके दौरे को लेकर प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
सुरक्षा और ट्रैफिक प्लान को लेकर निर्देश जारी
राष्ट्रपति के 26 अप्रैल से 2 मई के प्रस्तावित दौरे के दृष्टिगत स्थानीय प्रशासन ने कमर कस ली है। सुरक्षा के मद्देनजर उनके काफिले के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाएगा। जिन मार्गों से राष्ट्रपति का काफिला गुजरेगा, वहां सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए यातायात को रोका या डायवर्ट किया जा सकता है। इस संबंध में जिला प्रशासन, नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं ताकि दौरे के दौरान कोई असुविधा न हो।

