हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष का कार्यभार संभालने से पहले दिल्ली में सोनिया गांधी से मिलीं प्रतिभा सिंह, जानिए क्यों

punjabkesari.in Saturday, Apr 30, 2022 - 10:47 PM (IST)

शिमला (भूपिन्द्र): प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद प्रतिभा सिंह पार्टी हाईकमान सोनिया गांधी से मिलने पहुंचीं। शनिवार को उन्होंने सोनिया गांधी से भेंट की। इस दौरान उन्होंने अध्यक्ष बनाए जाने के लिए सोनिया गांधी का आभार जताया तथा आगामी नगर निगम शिमला व विधानसभा चुनावों को लेकर चर्चा की। दिल्ली दौरे के दौरान उनका पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं से भी मिलने का कार्यक्रम है। प्रतिभा सिंह 2 मई को वापस लौटेंगी तथा इस दौरान परवाणु से शिमला तक जगह-जगह पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। वह 5 अप्रैल को प्रदेशाध्यक्ष का कार्यभार संभालेंगी। इस मौके पर पार्टी की तरफ से शिमला के चौड़ा मैदान में जनसभा का आयोजन किया जाएगा।

राज्य में संगठन को मजबूत करने तथा सभी को साथ लेकर चलने के मिले निर्देश 
दिल्ली में प्रतिभा सिंह ने पार्टी हाईकमान को प्रदेश की राजनीतिक स्थिति से अवगत करवाया। जानकारी है कि उन्होंने सोनिया गांधी को बताया कि राज्य में आम आदमी पार्टी से हिमाचल की राजनीति विशेषकर आगामी चुनावों में कांग्रेस पर कितना असर पड़ेगा, साथ ही सत्ताधारी भाजपा को घेरने को लेकर भी रणनीति तैयार की गर्ई। इस दौरान पार्टी हाईकमान ने प्रतिभा सिंह को राज्य में संगठन को मजबूत करने तथा सभी को अपने साथ लेकर चलने के निर्देश दिए, साथ ही हाईकमान ने  उन्हें तुरंत प्रदेश में मिशन-2022 के लिए जुट जाने को कहा ताकि चुनावों में सत्ताधारी पार्टी का मुकाबला कर सकें। 

कांग्रेस 5 मई के बाद भाजपा व आप को घेरने की रणनीति को देगी अंतिम रूप
नवनियुक्त अध्यक्ष व 4 कार्यकारी अध्यक्षों द्वारा कार्यभार संभालने के बाद कांग्रेस 5 मई के पश्चात सत्ताधारी भाजपा व आप को घेरने की रणनीति को अंतिम रूप देगी। हालांकि रणनीति का प्रारूप तैयार किया जा चुका है, जिसके तहत बूथ स्तर से लेकर विधानसभा व संसदीय क्षेत्र के अनुसार बैठकें की जाएंगी। जानकारी है कि सभी कमेटियों को सक्रिय करने की योजना बनाई गई है, साथ ही जो कमेटी या पदाधिकारी निष्क्रिय होंगे, उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा, ऐसे में जिला व बूथ स्तर पर गठित पार्टी की कमेटियों को बदला भी जा सकता है। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह के करीबियों को संगठन में फिर से शामिल किया जा सकता है। 

वरिष्ठ नेताओं व हर वर्ग को दिया जाएगा मान-सम्मान : प्रतिभा 
नवनियुक्त अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने सोनिया गांधी से मिलने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि संगठन में वरिष्ठ नेताओं व हर वर्ग के नेताओं को मान-सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने सोनिया गांधी को भी अवगत करवाया है कि कुछ लोग छूट गए हैं, उन्हें संगठन में शामिल किया जाएगा। प्रतिभा सिंह ने कहा कि वह गुटबाजी में विश्वास नहीं करती हैं तथा सभी एकजुट होकर चुनावों में जीत के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि वह जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के साथ बैठकें करेंगी तथा पार्टी हर घर तक पहुंचने का प्रयास करेगी, साथ ही प्रदेश में निराश हो चुके कार्यकत्र्ताओं में जान फूंकी जाएगी। उन्होंने साफ किया कि प्रदेश में आप का कोई भी अस्तित्व नहीं है तथा मुख्य मुकाबला कांग्रेस व भाजपा के बीच होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई से आम आदमी त्रस्त है तथा हर चीज के दाम बढ़े हैं, इसलिए प्रदेश के लोग चाहते हैं कि कांग्रेस की सरकार बने।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News