Una: अम्ब की बेटी ने बढ़ाया हिमाचल का मान, मर्चेंट नेवी में चयनित हुई प्राची ठाकुर

punjabkesari.in Wednesday, Dec 10, 2025 - 05:01 PM (IST)

अम्ब (अश्विनी): हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण परिवेश से निकलकर बेटियां अब समंदर की लहरों पर राज करने को तैयार हैं। इसी कड़ी में अम्ब कस्बे की वार्ड नम्बर-2 की प्रतिभावान बेटी प्राची ठाकुर ने मर्चेंट नेवी में चयनित होकर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र और प्रदेश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। प्राची का चयन प्रतिष्ठित 'जनरल पर्पज (जीपी) रेटिंग कोर्स' के लिए हुआ है।

ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर मर्चेंट नेवी जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में करियर बनाना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। 6 महीने की सघन ट्रेनिंग के बाद प्राची समुद्री जहाजों पर अपनी सेवाएं देंगी और देश की समुद्री शक्ति का हिस्सा बनेंगी। गत दिवस प्राची अपनी ट्रेनिंग के लिए मुंबई रवाना हो गईं। रवानगी से पूर्व उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया बेहद चुनौतीपूर्ण थी, लेकिन सही दिशा, मानसिक संबल और मजबूत मार्गदर्शन ने उन्हें हर कदम पर हौसला दिया।

PunjabKesari

प्राची की इस शानदार सफलता के पीछे सुप्रसिद्ध मर्चेंट नेवी अधिकारी और समाजसेवी कैप्टन संजय पराशर की दूरदृष्टि और निरंतर प्रेरणा ने अहम भूमिका निभाई है। कैप्टन पराशर पिछले कई वर्षों से ग्रामीण युवाओं, विशेषकर बेटियों को समुद्री सेवाओं (मर्चेंट नेवी) में करियर के अवसर दिलाने के लिए संघर्षरत हैं। उनके मार्गदर्शन ने प्राची जैसी कई बेटियों को नए सपने देखने और उन्हें पूरा करने का हौसला दिया है।

प्राची ठाकुर की इस उपलब्धि से अम्ब क्षेत्र की गौरवगाथा में एक नया अध्याय जुड़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्राची की यह उड़ान क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी। मर्चेंट नेवी में सेवा देकर वह हिमाचल प्रदेश का नाम वैश्विक पटल पर रोशन करेंगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News