Una: माफिया कोई भी हो उसे बख्शा न जाए, कोई नेता माफिया की सिफारिश करता है तो नाम सार्वजनिक करे पुलिस : अग्निहोत्री

punjabkesari.in Saturday, Apr 25, 2026 - 11:00 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कानून व्यवस्था को लेकर एसपी व डीसी को निर्देश दिए हैं कि माफिया चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा न जाए। पुलिस को फ्री हैंड कर दिया है और अपराधियों में पुलिस का भय साफ होना चाहिए। अग्निहोत्री ने कहा कि वास्तव में पुलिस फ्री हैंड होती है और पुलिस को अपने स्तर पर कार्रवाई करनी होती है। यदि पुलिस बेहतर काम करती है तो उसकी सभी सराहना करते हैं और यदि पुलिस का काम कमजोर हो तो सरकारों को भी उसका नतीजा भुगतना पड़ता है।

पुलिस अधिकारी अपनी पोस्ट के अनुसार बेहतर कार्य करें और आपराधिक तत्वों में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाएं। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि माफिया को न तो सरकार का संरक्षण प्राप्त है और न ही कोई व्यक्ति उन्हें बचा सकता है। पुलिस को निर्देश देते हुए अग्निहोत्री ने कहा कि यदि कोई नेता भी माफिया की सिफारिश करता है तो उसे बख्शा न जाए और ऐसे नेता का नाम सार्वजनिक किया जाए।

इसमें किसी भी प्रकार की ढील बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चाहे चिट्टे हो, अवैध खनन, जुआ या फिरौती माफिया हो, पुलिस ऐसे अपराधियों पर कड़ाई से कार्रवाई करे। उन्होंने कहा कि पहले पुलिस ने कई आरोपी पकड़े भी हैं लेकिन अब और सतर्कता बरती जाए। पुलिस को हर समय फील्ड में मुस्तैद रहना चाहिए। डिप्टी सी.एम. ने कहा कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह ट्रैफिक नियमों का पालन करे।

जब पुलिस चालान काटती है तो इसे मुद्दा बनाया जाता है, जबकि नियम लोगों की जान बचाने के लिए होते हैं। उन्होंने कहा कि लोग पुलिस का सहयोग करें तथा कोई भी संदिग्ध गतिविधि हो तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News