डल्हौजी के माल रोड पर बायकॉट डल्हौजी के पोस्टरों से मचा हड़कंप
punjabkesari.in Thursday, Sep 28, 2023 - 07:37 PM (IST)

डल्हौजी (शमशेर): डल्हौजी नगर में बायकॉट डल्हौजी पोस्टर वीरवार को चर्चा का विषय बने रहे। सुबह जब कुछ लोग माल रोड पर सैर करने निकले तो उन्होंने डल्हौजी में लगे हुए कुछ पोस्टर देखे, जिन पर बायकॉट डल्हौजी लिखा हुआ था और डल्हौजी का नाम बदलने संबंधी मुहिम चलाने की बात आदि लिखी गई थी। पोस्टर के बाद लोग अपने-अपने कयास लगाते रहे और अपने-अपने तर्क भी इस बारे में देते हुए इस पर चर्चा करने लगे। इससे पूर्व भी कई बार डल्हौजी का नाम बदलने की बातें होती रही हैं लेकिन डल्हौजी के स्थानीय निवासी हमेशा इस नगर का नाम बदलने का विरोध करते रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि डल्हौजी जोकि पूरी तरह पर्यटन उद्योग पर निर्भर है, पहले ही यहां का पर्यटन उद्योग भारी मंदी झेल रहा है, ऐसे में इस तरह की बातें व अटकलें शुरू करने से यहां के पर्यटन व्यवसाय पर और भी बुरा प्रभाव पड़ सकता है।
सहन नहीं होंगी डल्हौजी का नाम बदलने की कोशिशें : राकेश चौभियाल
व्यापार मंडल डल्हौजी के अध्यक्ष राकेश चौभियाल ने कहा कि किसी भी सूरत में डल्हौजी का नाम बदलने की कोशिशों को सहन नहीं किया जाएगा। डल्हौजी का नाम ही इस विश्वविख्यात पर्यटन स्थल की पहचान है। डल्हौजी के व्यवसायी गौरव खन्ना ने कहा कि इस तरह के जो यह पोस्टर लगाए गए हैं, यह केवल कुछ अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा माहौल खराब करने की कोशिश है। अधिकांश डल्हौजी वासी डल्हौजी का नाम डल्हौजी ही रहने देने के पक्ष में हैं। डल्हौजी का नाम हरगिज भी बदलने के पक्ष में नहीं हैं। लोगों का कहना है कि इस तरह के पोस्टर लगाने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध माहौल भड़काने की कोशिश करने के लिए कार्रवाई होनी चाहिए।
पुलिस को दिए हैं जांच करने के आदेश : एसडीएम
एसडीएम डल्हौजी अनिल भारद्वाज ने इस बारे में कहा कि माल रोड पर कुछ अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा ऐसे पोस्टर लगाने की बात की जानकारी उनको मिली है। जिस बारे में पुलिस विभाग को इस मामले की गहन जांच करके उन पर कार्रवाई करने के आदेश दे दिए गए हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here