कांगड़ा एयरपोर्ट पर लावारिस बैग मिलने से मचा हड़कंप, खाली कराया गया पूरा परिसर

punjabkesari.in Saturday, Apr 11, 2026 - 01:49 PM (IST)

Kangra News : हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा स्थित गगल एयरपोर्ट पर शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एयरपोर्ट के वॉशरूम में एक लावारिस बैग पाया गया। एहतियात के तौर पर पूरे एयरपोर्ट परिसर को खाली करवा दिया गया और कुछ समय के लिए उड़ान सेवाएं भी प्रभावित रहीं।

वॉशरूम में दिखा नीले रंग का बैग

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8:30 बजे एयरपोर्ट के वॉशरूम में नीले रंग का एक लावारिस बैग देखा गया। मामले की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन ने तुरंत सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करते हुए परिसर को खाली करवाया और अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए। मौके पर पहुंची बम स्क्वाड टीम ने सावधानी बरतते हुए बैग को सीधे हाथ से उठाने के बजाय रस्सी की मदद से वॉशरूम से बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर रखकर उसकी गहन जांच की।

जांच पड़ताल के बाद खुला राज

इस दौरान दिल्ली से आने वाली अगली फ्लाइट, जो सुबह करीब 9 बजे पहुंचने वाली थी, को एहतियातन दिल्ली में ही रोक दिया गया। एयरपोर्ट के अंदर मौजूद सभी यात्रियों और कर्मचारियों को तुरंत बाहर निकाल दिया गया। जांच में पता चला कि बैग धर्मशाला के एक यात्री का था, जो गलती से वॉशरूम में छूट गया था। बैग में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं पाई गई।  इस दौरान करीब तीन घंटे तक एयरपोर्ट प्रशासन और यात्रियों की सांसें अटकी रहीं। बैग सुरक्षित पाए जाने के बाद ही उड़ान सेवाएं बहाल की गईं और दिल्ली से फ्लाइट को कांगड़ा के लिए रवाना किया गया।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News