Kullu News: पुलिस ने जीप से पकड़ा शराब का जखीरा, चालक के पास नहीं था परमिट

punjabkesari.in Friday, Jun 19, 2026 - 07:13 PM (IST)

कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में अवैध शराब का कारोबार करने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई अमल में लाई है। जिले के दूरदराज क्षेत्र ब्रौ में पुलिस की टीम ने एक पिकअप जीप से अवैध देसी शराब का जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शराब की खेप के साथ-साथ वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार ब्रौ पुलिस थाने की एक टीम मुकाम आवेरी इलाके में रूटीन गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस ने शक के आधार पर एक पिकअप गाड़ी को चैकिंग के लिए रोका। जब पुलिस कर्मियों ने गाड़ी की तलाशी ली, तो अंदर का नजारा देखकर वे भी हैरान रह गए। गाड़ी के अंदर देसी शराब (ऊना नं.-1 मार्का) की कुल 182 पेटियां लदी हुई थीं। पुलिस ने जब गाड़ी चला रहे व्यक्ति से शराब ले जाने को लेकर वैध परमिट और लाइसैंस की मांग की, तो वह कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पूछताछ में चालक की पहचान मुनि लाल निवासी अरसू  व जिला कुल्लू के रूप में हुई है।

पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज किया मामला
बिना किसी वैध परमिट और लाइसैंस के इतनी भारी मात्रा में शराब का परिवहन करने पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। एसपी कुल्लू मदन लाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी चालक मुनि लाल के खिलाफ ब्रौ थाने में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने गाड़ी और शराब को जब्त कर लिया है और अब इस बात की गहन जांच की जा रही है कि शराब की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News