Solan News: लुका-छिपी का खेल खत्म! पुलिस ने पंजाब से धरा भगोड़ा अपराधी, 7 वर्ष पहले किया था ये अपराध
punjabkesari.in Sunday, Jun 14, 2026 - 01:28 PM (IST)
परवाणू (विकास): जिला सोलन पुलिस के पीओ सैल (Proclaimed Offender Cell) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कानून की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहे एक शातिर भगोड़े अपराधी को पुलिस टीम ने पंजाब के संगरूर से धर दबोचा है। यह आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार लुका-छिपी का खेल खेल रहा था, लेकिन पुलिस की पैनी नजर से नहीं बच सका।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान 41 वर्षीय गुरविंदर सिंह पुत्र कुलदीप सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब के जिला संगरूर की तहसील नागरा के गांव सजूमा का निवासी है। गुरविंदर के खिलाफ वर्ष 2019 में परवाणू पुलिस थाना में सड़क दुर्घटना से संबंधित एक मामला दर्ज हुआ था। पुलिस ने उस समय मामले की गहन जांच कर आरोपी को गिरफ्तार किया था और उसके खिलाफ चार्जशीट भी काेर्ट में पेश कर दी थी।
जब काेर्ट में इस मामले का ट्रायल शुरू हुआ, तो कोर्ट ने आरोपी को बार-बार पेश होने के आदेश दिए। इसके बावजूद गुरविंदर सिंह ने अदालत के आदेशों की अवहेलना की और उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद सख्त रुख अपनाते हुए काेर्ट ने बीते 1 जून को उसे आधिकारिक रूप से भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस थाना परवाणू में उसके खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत नया मामला दर्ज किया गया।
आरोपी गुरविंदर को पता था कि पुलिस उसकी तलाश में है, इसलिए वह गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार अपने ठिकाने बदल रहा था, लेकिन सोलन पुलिस के पीओ सैल ने हार नहीं मानी। गुप्त सूचनाओं और लगातार मॉनिटरिंग के आधार पर पुलिस टीम ने बीते दिन पंजाब के संगरूर में दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले की पुष्टि करते हुए जिला सोलन की एसपी तिरुमला एसडी वर्मा ने बताया कि पुलिस के पीओ सैल ने पंजाब से एक भगोड़े को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। आरोपी को काेर्ट के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

