नाबालिग लड़की से की दरिंदगी...फिर हुलिया बदलकर घने जंगलों में जा छिपा आरोपी, पुलिस ने ऐसे किया गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Jun 25, 2026 - 06:13 PM (IST)

तीसा (चम्बा): चम्बा जिले के चुराह क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। घटना के बाद से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा शातिर आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी के आगे उसकी एक न चली।

आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए बेहद चालाकी से काम ले रहा था। वारदात को अंजाम देने के बाद वह लंबे समय तक चांजू और सपाहण के घने और दुर्गम जंगलों में छिपकर रह रहा था। पुलिस से बचने के लिए उसने अपनी पहचान छिपाने की पूरी कोशिश की और अपनी दाढ़ी कटवाकर क्लीन शेव लुक अपना लिया था, ताकि कोई उसे पहचान न सके।

वीरवार को पुलिस को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली कि आरोपी अपना हुलिया बदलकर इलाके से फरार होने की फिराक में है। सूचना मिलते ही नकरोड़ पुलिस चौकी और थाना तीसा की संयुक्त टीम ने तुरंत एक्शन लिया। पुलिस ने डोडणी इलाके में घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा। इतने दुर्गम और जंगली इलाके में छिपे आरोपी को खोजना और पकड़ना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती थी, जिसे टीम ने अपनी सूझबूझ से पूरा किया।

घर से मिली थी बंदूक, पीड़िता पहले ही परिजनों को सौंपी गई
बता दें कि यह मामला दर्ज होने के तुरंत बाद ही पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया था। मेडिकल जांच के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया था, लेकिन तब आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहा था। इसके बाद जब पुलिस ने आरोपी के घर पर छापेमारी की, तो वहां से एक जंग लगी बंदूक भी बरामद हुई थी, जिसने इस मामले की गंभीरता को और बढ़ा दिया था।

क्या कहते हैं एसपी चम्बा
चम्बा के एसपी विजय कुमार सकलानी ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि थाना तीसा में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है। पुलिस अब मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है और कानून के अनुसार सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News