मन की बात में PM Modi ने किया हिमाचल की साइकिल रैली का जिक्र

punjabkesari.in Sunday, Jun 26, 2022 - 09:52 PM (IST)

शिमला (भूपिन्द्र): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपनी मन की बात में हिमाचल प्रदेश की शिमला से मंडी की साइकिल रैली का जिक्र किया तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए साइकिल अपनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि एक समूह शिमला से मंडी तक साइकिल से 180 किलोमीटर का सफर तय कर रहा है, जो पर्यावरण के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है। ऐसे ही यदि सभी लोग सफर के लिए साइकिल को अपनाएंगे तो पर्यावरण को लाभ होगा। शिमला से साइकिल रैली 23 जून को मंडी के जंजैहली के लिए मुख्य सचिव रामसुभग सिंह ने झंडी दिखा कर रवाना किया था। इसके अलावा मन की बात कार्यक्रम के दौरान टीवी पर किन्नौर जिले की महिलाएं अपने पारंपरिक परिधानों में दिखाई गईं।

भाजपा नेताओं ने अलग-अलग स्थानों पर सुनी मन की बात
हिमाचल प्रदेश में भाजपा नेताओं ने अलग-अलग स्थानों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 90वें संस्करण को सुना। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पीटरहॉफ तथा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के कुफरी में मन की बात सुनी। इसके अलावा अन्य मंत्रियों व पार्टी नेताओं ने भी पीएम की मन की बात अपने-अपने पालकीय बूथ पर सुनी। यानि जो नेता जिस बूथ के पालक हैं, उन्होंने उस बूथ पर यह कार्यक्रम सुना। 

मन की बात कार्यक्रम भारत को एकीकृत करने की एक पहल : कश्यप
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कुफरी में मन की बात कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकत्र्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मन की बात कार्यक्रम के जरिए भारत को एकीकृत किया है। कश्यप ने कहा कि यह गर्व की बात है कि पीएम मोदी ने इस कार्यक्रम में हिमाचल का जिक्र किया है। उन्होंने कहा कि किन्नौर जिले के लोगमन की बात के चलचित्र इस खूबसूरत कार्यक्रम में देखने को मिले, यह राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल के प्रति प्रेम को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस कार्यक्रम को बूथ स्तर पर सुनने का फैसला किया है और मुझे इस पर प्रतिक्रिया देते हुए खुशी हो रही है। इस अवसर पर कसुम्पटी मंडल अध्यक्ष जितेंद्र भोटका, गुड़िया सक्षम बोर्ड की अध्यक्ष रूपा शर्मा, मीडिया सह प्रभारी करण नंदा, नरेश चौहान और ब्रिगेडियर भोलेश्वर चोपड़ा आदि भी उपस्थित रहे।

भाजपा प्रदेश में करेगी पंच परमेश्वर सम्मेलन
सुरेश कश्यप ने कहा कि चुनावों को देखते हुए पार्टी प्रदेश में जल्द ही सभी विधानसभा क्षेत्रों में पंच परमेश्वर सम्मेलन का आयोजन करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसा लग रहा है कि नवम्बर में चुनाव होंगे, ऐसे में हमें और अधिक मेहनत करने की जरूरत हैै। इस मौके पर सभी ने इस बार कसुम्पटी विधानसभा सीट को जीतने का संकल्प भी लिया।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News