Una News: मालिक का इशारा मिलते ही शख्स पर टूट पड़ा पालतू कुत्ता...नोच डाली टांग, FIR दर्ज
punjabkesari.in Sunday, Jul 05, 2026 - 02:58 PM (IST)
टाहलीवाल (गौतम): ऊना जिले के हरोली उपमंडल के अंतर्गत पुलिस थाना टाहलीवाल में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर केस करने की रंजिश में एक युवक ने अपने पालतू कुत्ते से शिकायतकर्ता पर हमला करवा दिया। कुत्ते ने व्यक्ति की टांग को बुरी तरह काट लिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में गांव बीटन निवासी जगदेव चंद ने बताया कि उसने बीटन गांव की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वाले लोगों के खिलाफ उच्च न्यायालय में केस दायर कर रखा है। इस कानूनी कार्रवाई से अवैध कब्जाधारी उससे रंजिश रखे हुए थे। पीड़ित ने बताया कि कुछ दिन पहले ही बीटन निवासी एक व्यक्ति ने उसे खुलेआम धमकी दी थी और कहा था कि हमने क्या करना है, वह उस समय ही बताएंगे।
शिकायतकर्ता जगदेव चंद के अनुसार बीते 27 जून को वह गांव के श्मशानघाट के पास गया था। वहां गांव वालों द्वारा सरकारी भूमि पर पौधे लगाए गए हैं, जिन्हें वह पानी देने गया था। इसी दौरान वहां बीटन निवासी मोटीं पुत्र प्रवीन कुमार दो कुत्तों को लेकर खड़ा था। जगदेव का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते मोटीं ने जानबूझकर अपने एक कुत्ते को उसकी तरफ इशारा किया। मालिक का इशारा मिलते ही कुत्ते ने दौड़कर जगदेव की बाईं टांग पर काट लिया, जिससे वह घायल हो गया।
वहीं पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की पुष्टि करते हुए ऊना के एसपी सचिन हिरेमठ ने बताया कि पुलिस घटना की गहनता से जांच कर रही है और कानून के अनुसार उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

