Solan: परवाणू में 2 घंटे की बारिश से कई सड़कें बंद, दुकानों में घुसा पानी, रेल ट्रैक बाधित
punjabkesari.in Tuesday, Aug 18, 2026 - 10:22 PM (IST)
परवाणू (विकास): शहर और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार दोपहर बाद करीब 2 घंटे हुई तेज बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। बारिश के चलते कई जगह भूस्खलन, जलभराव और सड़कें बाधित हो गईं। औद्योगिक क्षेत्र में भी बारिश का पानी घुसने से लाखों रुपए के नुक्सान की आशंका है। एनएच-5 पर चक्की मोड़ के पास पहाड़ से पत्थर गिरने के कारण एहतियातन दोनों तरफ का ट्रैफिक रोक-रोककर छोड़ा गया। मौके पर मौजूद कर्मियों ने स्थिति पर नजर रखी, ताकि पत्थर गिरने के दौरान किसी तरह की दुर्घटना न हो।
कोटी के पास पहाड़ से मलबा गिरने के कारण रेल ट्रैक बाधित हो गया। इसके चलते शिमला से आने वाली कुछ ट्रेनों को रद्द करना पड़ा। ट्रैक से मलबा हटाने का काम जारी रहा, ताकि रास्ते में फंसी ट्रेनों को कालका तक पहुंचाया जा सके। भारी बारिश के कारण ओल्ड कसौली रोड, पट्टा बेजा और खड़ीन मार्ग अस्थायी रूप से बंद हो गए। लोक निर्माण विभाग की टीमें मार्गों को खोलने में जुटी रहीं। ओल्ड कसौली रोड के सैक्टर-5 में टकसाल एम्बुलैंस मार्ग का कच्चा हिस्सा बहकर सड़क पर आ गिरा, जिससे सैक्टर-4 की ओर जाने वाला मार्ग कुछ समय के लिए बाधित रहा।
ओल्ड कसौली रोड पर फाटक के पास सड़क पर पानी भरने से सड़क किनारे खड़ी गाड़ियां तैरती नजर आईं। टकसाल के नाले में तेज बहाव के कारण सड़क किनारे लगा डंगा गिर गया। इस दौरान एक कैंटर नाले की ओर फंस गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी को चोट नहीं आई। तेज बारिश का पानी परवाणू बस अड्डे की कई दुकानों में घुस गया, जिससे दुकानदारों को नुक्सान उठाना पड़ा। हिमफैड के बॉटलिंग प्लांट में भी पानी घुसने से पैकेजिंग मैटीरियल और मशीनरी को नुक्सान पहुंचा है। प्लांट के मैनेजर अशोक सहगल ने बताया कि शुरूआती आकलन के अनुसार उद्योग को करीब 20 से 25 लाख रुपए के नुक्सान की संभावना है।
बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि टकसाल क्षेत्र में नाले के तेज बहाव के कारण कुछ बिजली के खंभों को भी नुक्सान पहुंचने की सूचना है। लोक निर्माण विभाग के एसडीओ शिव कुमार ने बताया कि बारिश के कारण कुछ सड़कें बंद हुई हैं। विभाग की ओर से जेसीबी मशीनें लगाकर मार्गों को खोलने का कार्य किया जा रहा है।

