शादी का झांसा देकर युवती से दुराचार
punjabkesari.in Thursday, Jun 02, 2022 - 04:13 PM (IST)
पांवटा साहिब: उपमंडल पांवटा साहिब में 16 साल की किशोरी से शादी का झांसा देकर दुराचार का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार पीड़िता अपने नाना-नानी के यहां रहती थी जबकि उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने वाला लड़का अनीश मिश्रवाला गांव का रहने वाला है। पीड़िता ने बताया कि युवक उससे शादी का वादा कर बार-बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता था।
कुछ सप्ताह पहले अनीश अपने दोस्त साजिद को लेकर आया तथा कहने लगा कि वह अब उसे तंग नहीं करेगा। यह बात कहकर पीड़िता को साजिद के घर बातचीत के लिए बुलाया। उस समय घर पर कोई नहीं था। इसके बाद उसके दोस्त साजिद ने दरवाजा बंद कर दिया तथा अनीश ने फिर उसके साथ दुराचार किया। युवती के साथ हुई इस वारदात के बाद वह अपने नाना-नानी के घर से लौट आई। बावजूद इसके अनीश उसके घर चक्कर काटता रहा। लगभग 8 से 10 दिन पहले अनीश उसे जबरदस्ती गाड़ी में बिठाकर पांवटा साहिब ले आया तथा उसे कोई मादक पदार्थ खिला-पिलाकर उसके साथ कई बार दुराचार किया।
पीड़िता ने पुलिस को यह भी बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद अनीश उसे उसी हालात में छोड़कर चला गया। घर लौट कर पीड़िता ने पूरी वारदात का जिक्र पिता से किया। जिसके बाद इसकी शिकायत पुलिस में दी गई। पांवटा साहिब के डी.एस.पी. वीर बहादुर ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।