Sirmour: यमुना नदी से मिला लापता 15 वर्षीय लड़की का शव
punjabkesari.in Sunday, Apr 26, 2026 - 10:50 AM (IST)
पांवटा साहिब (कपिल): क्षेत्र में शनिवार को 2 घटनाएं सामने आईं। एक ओर यमुना नदी से लापता चल रही 15 वर्षीय किशोरी का शव बरामद हुआ, वहीं सूरजपुर में एक युवक ने जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार पांवटा साहिब के स्वर्गधाम के समीप यमुना नदी किनारे एक किशोरी का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर कब्जे में लिया।
जांच के दौरान मृतका की पहचान आस्था (15) पुत्री वेद प्रकाश निवासी वार्ड नंबर 10, पांवटा साहिब के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि किशोरी 19 अप्रैल से घर से लापता थी।
इस संबंध में परिजनों ने पहले ही पुलिस थाना पांवटा साहिब में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के कारणों का खुलासा रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। मामले की गहनता से जांच जारी है।
सूरजपुर में युवक ने निगला जहरीला पदार्थ
उधर, माजरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव सूरजपुर में राजेन्द्र (20) पुत्र जगदीश चंद ने घर पर ही जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर अवस्था में पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया। पीजीआई में उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस दोनों मामलों में आवश्यक कार्रवाई अमल में ला रही है और जांच जारी है।

