Himachal: सड़क यातायात नियमों की अनुपालना के लिए कड़े कानून का हो प्रावधान : शांता

punjabkesari.in Monday, Jun 02, 2025 - 04:20 PM (IST)

पालमपुर (भृगु): पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री शांता कुमार ने कहा चार हादसों में 10 की मौत, केवल एक ही दिन में चार सड़क दुर्घटनाएं और उसके कारण 10 परिवारों में मातम की काली छाया। उन्होंने कहा कि सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने पिछले दिनों एक कार्यक्रम में कहा कि भारत में प्रतिवर्ष लगभग 5 लाख सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। उन्होंने कहा कि देश के लिए सबसे महत्वपूर्ण समस्या सड़क दुर्घटनाएं हैं और हर वर्ष लगभग 5 लाख सड़क दुर्घटनाओं में 1 लाख 88 हजार लोग मारे जाते हैं।

उन्होंने कहा कि विश्वस्त रिर्पोटों के अनुसार दुर्घटनाओं का 90 प्रतिशत कारण मानवीय गलती होता है। तेज रफ्तार, शराब पीकर गाड़ी चलाना और नियमों को तोड़ना, इन कारणों से सबसे अधिक दुर्घटनाएं होती हैं। शांता कुमार ने कहा विश्व के बहुत से देशों में दुर्घटनाओं की संख्या बहुत कम है और इसका एक ही कारण है कि वहां यातायात नियम तोड़ने पर सख्त सजा दी जाती है। मेरी बेटी का परिवार कनेडा में है। मेरा दामाद तेज रफ्तार कार चलाने में पकड़ा गया, चालान हुआ और सजा मिली, 6 महीने के लिए लाइसैंस कैंसल, उसने बताया था कि इस प्रकार की सख्त सजा के बाद जीवनभर कभी कोई नियम नहीं तोड़ता।

उन्होंने कहा कि भारत में दुनिया में सबसे अधिक सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। उसका एक कारण है कि देश में यातायात का प्रमुख साधन सड़क यातायात है। यदि यातायात नियम तोड़ने के लिए सख्त सजा का प्रावधान भारत में किया जाए तो सड़क दुर्घटनाएं आधे से भी कम हो जाएंगी। शांता कुमार ने सरकार से विशेष आग्रह किया है कि सड़क यातायात में नियमों का पालन न करने पर सख्त सजा का प्रावधान किया जाए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News