Kangra: बेसहारा पशुओं की बढ़ती संख्या पर काबू पाने के लिए मंदिरों के माध्यम से हो व्यवस्था : शांता
punjabkesari.in Saturday, Nov 08, 2025 - 05:24 PM (IST)
पालमपुर (भृगु): पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री शांता कुमार ने कहा कि सरकार और समाज की नालायकी कई बार इतनी अधिक बढ़ जाती है कि सोच कर हैरानी ही नहीं दुख के आंसू भी टपक पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि आबादी बढ़ रही है, उसके साथ ही सड़कों पर गाड़ियों की संख्या भी बढ़ रही है। बढ़ते यातायात में बेसहारा पशु एक गंभीर समस्या बन गए हैं, जिससे दुर्घटनाएं होने लगी हैं। दुर्घटनाओं में बहुत से लोग मरते हैं और घायल होते हैं। शांता कुमार ने कहा कि जिस गऊ माता की पूजा की जाती है, वह अब बेसहारा होकर सड़कों पर पड़ी हुई गली-सड़ी जूठन को खाकर गुजारा कर रही है। जब तक गाय दूध देती है, तब तक उसे घर में रखा जाता है। उसके बाद वह बेसहारा पशुओं की तरह सड़कों पर घूमती है। बेसहारा सांड कई बार लोगों को जख्मी करते हैं। यह समस्या दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है।
बड़े मंदिरों को दी जाए गऊशाला चलाने की जिम्मेदारी
उन्होंने सरकार और समाज को एक सुझाव दिया है कि सरकार एक कानून बनाए, जिसके अनुसार हर बड़े मन्दिर को एक गऊशाला चलाने की जिम्मेदारी दी जाए। बड़े मन्दिरों के पास बहुत से साधन हैं। गऊशाला चलाने के बाद उनकी आय और बढ़ जाएगी, क्योंकि मेरी तरह बहुत से लोग मन्दिरों में अधिक चढ़ावा नहीं चढ़ा पाते, क्योंकि उनका ठीक ढंग से उपयोग नहीं होता है। मन्दिर जब गऊशाला चलाने लगेंगे तो उनकी आय बढ़ जाएगी। शांता कुमार ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में 6 बड़े मन्दिर माता चिन्तपूर्णी, माता नयना देवी, माता ज्वालामुखी, माता चामुंडा देवी, माता कांगड़ा बज्रेश्वरी देवी और बाबा बालक नाथ जी के पास लगभग 2,000 करोड़ रुपए की सम्पत्ति है। इसमें 85 करोड़ नकद, 300 करोड़ एफ.डी., 500 करोड़ का सोना व 200 करोड़ रुपए की चांदी शामिल है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सरकार के नियंत्रण में कुल 36 मन्दिर हैं, जिनके पास करोड़ों रुपए की सम्पत्ति पड़ी है।
मुख्यमंत्री करें पहल, हिमाचल को बनाएं बेसहारा पशु मुक्त
उन्होंने कहा कि सरकार ने शराब की हर बोतल पर 10 रुपए का गऊ टैक्स लगाया है। इससे सरकार को प्रतिवर्ष 1,000 करोड़ रुपए की आय होती है। यदि कानून द्वारा हर बड़े मन्दिर को एक गऊशाला चलाने की जिम्मेदारी दी जाए तो एक बहुत बड़ी भयंकर बनती जा रही बेसहारा पशुओं की समस्या का समाधान हो जाएगा। गऊ वंश की रक्षा से हिन्दू धर्म को मानने वालों को अच्छा लगेगा। इस पुण्य कार्य के कारण मन्दिरों की आय में भी वृद्धि होने लगेगी। इस इतने अधिक धन का इससे अधिक अच्छा और कोई उपयोग नहीं हो सकता। शांता कुमार ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू से विशेष आग्रह किया है कि हिमाचल प्रदेश में यह ऐतिहासिक काम करने का साहस दिखाएं।

