Kangra: दिन-दिहाड़े वारदात से दहशत, व्यवसायी के घर में घुसकर तेजधार हथियार से हमला

punjabkesari.in Tuesday, Jun 02, 2026 - 07:02 PM (IST)

पालमपुर (भृगु): पालमपुर के नगर निगम वार्ड नंबर-1 लोहना स्थित सरस्वती विहार सोसायटी में एक व्यवसायी पर घर में घुसकर कथित रूप से हमला करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पालमपुर बाजार के व्यवसायी अनिल बंटा सोमवार को अपने घर में आराम कर रहे थे, तभी दो व्यक्ति अचानक घर में घुस आए और तेजधार वस्तु से उन पर हमला करने का प्रयास किया। आरोप है कि व्यवसायी ने तत्परता दिखाते हुए हमले में इस्तेमाल की जा रही तेजधार वस्तु को पकड़ लिया और शोर मचाया। इस दौरान दोनों हमलावरों और व्यवसायी के बीच गुत्थमगुत्था भी हुई। शोर सुनकर सोसायटी के लोग मौके पर पहुंचने लगे, जिसके बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए। व्यवसायी अनिल बंटा के अनुसार घटना में उन्हें चोटें आईं और उनकी नाक से खून बहने लगा।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घायल व्यवसायी के बयान दर्ज किए तथा नागरिक चिकित्सालय पालमपुर में उनका प्राथमिक उपचार और मैडीकल करवाया। एक्स-रे रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ा दी है। घटना के बाद सरस्वती विहार सोसायटी के लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों ने मंगलवार को एसडीएम और डीएसपी पालमपुर से मुलाकात कर असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाओं से क्षेत्र में भय का माहौल बन रहा है। डीएसपी पालमपुर सुनील राणा ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और किसी भी असामाजिक तत्व के प्रति कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News