Shimla: जयराम ठाकुर ने साधा निशाना, बाेले-अगले चुनाव में CM सुक्खू की आल्टो कार में समा जाएगा कांग्रेस विधायक दल

punjabkesari.in Wednesday, Nov 19, 2025 - 05:30 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि अगले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस विधायक दल मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की आल्टो कार में समा जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में मिले जनादेश और प्रदेश सरकार की कारगुजारियों के बाद इस बात के स्पष्ट संकेत मिल गए हैं। जयराम ठाकुर शिमला में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक दल धर्मशाला के तपोवन में होने वाले शीतकालीन सत्र के दौरान हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। यदि भाजपा विधायकों को सदन के अंदर नहीं बोलने दिया तो बाहर अपना पक्ष रखेंगे। 

डिजास्टर एक्ट की आड़ में पंचायत चुनाव टालने की तैयारी में सरकार
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सरकार डिजास्टर एक्ट की आड़ में पंचायत चुनाव टालने की तैयारी कर रही है, पर जश्न मनाने के लिए पूरी छूट है। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से 10 हजार रुपए से अधिक की राशि का भुगतान ट्रेजरी से नहीं हो रहा है। इसी तरह वेतन, पैंशन और मैडीकल बिल का भुगतान समय पर नहीं हो रहा है। युवाओं को रोजगार नहीं मिला रहा है और आऊटसोर्स पर लगे 15 हजार से अधिक कर्मचारियों को निकाला जा चुका है। सड़कों पर हर जगह गड्ढे पड़ने के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। प्रदेश सरकार की आज ऐसी एक भी योजना नहीं है, जिसका जिक्र जनता के बीच किया जा सके।

4 दिसम्बर को धर्मशाला में भाजपा करेगी प्रदर्शन, परमार बनाए प्रभारी : बिंदल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने कहा है कि 4 दिसम्बर को धर्मशाला में भाजपा विशाल प्रदर्शन करेगी, जिसके लिए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व विधायक विपिन परमार को प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा विधायक सुधीर शर्मा व पवन कागज के साथ पार्टी प्रदेश पदाधिकारी बिहारी लाल शर्मा और त्रिलोक कपूर को सह प्रभारी बनाया गया है। डाॅ. राजीव बिंदल शिमला में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान कांग्रेस सरकार इस समय मूर्छित अवस्था में है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के 3 वर्ष युवा बेरोजगारों की बर्बादी, आर्थिक दिवालिएपन, बिगड़ती कानून व्यवस्था, हत्या, लूट, डकैती, फिरौती, माफियाराज, महिलाओं, युवाओं, किसानों, बागवानों और मजदूरों के शोषण के लिए जाने जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाई-भतीजावाद वाली इस सरकार में सिर्फ मित्रों की पूछ है। कांग्रेस की तरफ से विधानसभा चुनाव के समय दी गई सभी गारंटियां झूठी निकली हैं, जिसका खमियाजा आगामी चुनाव में भुगतना पड़ेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News