Himachal: जयराम ठाकुर ने साधा निशाना, बाेले-दर्द और कर्ज की सरकार है सुक्खू सरकार
punjabkesari.in Thursday, Jun 05, 2025 - 09:32 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा है कि सुक्खू सरकार दर्द और कर्ज की सरकार है। उन्होंने कहा कि सरकार अपने अपरिपक्व फैसलों से लगातार जग हंसाई करवा रही है। उन्होंने कहा कि कोई स्वास्थ्य संस्थान इतना स्वायत्त नहीं है, जो बिना सरकारी मदद के चल सके। अस्पतालों में पर्ची पर 10 रुपए शुल्क लगाने का निर्णय भी सरकार की तरफ से थोपा गया है। भले ही सरकार इससे यू-टर्न लेकर इसे रोगी कल्याण समिति की तरफ से लिया गया निर्णय बता रही है। जयराम ठाकुर प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता से जुड़े मुद्दों विधानसभा के भीतर और बाहर उठाकर सरकार की घेराबंदी करती रहेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री सुक्खू सिंह पर झूठ बोलने का आरोप लगाया। उन्होंने पूछा कि मुख्यमंत्री बताएं कि प्रदेश में ऐसा कौन-सा स्वास्थ्य संस्थान है जो अपने स्तर पर यूजर चार्ज लगाने का फैसला ले सकता है? उन्होंने कहा कि यह सिलसिला बीते अढ़ाई वर्षों से चल रहा है।
मंत्री, विधायक व अफसरों की नहीं सुन रही सरकार
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सरकार में अफरा-तफरी का माहौल है। मंत्री, विधायक व अधिकारी अब इस बात को कहने लगे हैं कि उनकी नहीं सुनी जा रही है। वे मंत्रिमंडल बैठक में सुझाव कुछ देते हैं, लेकिन निर्णय और ही लिया जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार के किसी भी फैसले में गंभीरता या ठहराव नहीं है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री का एकमात्र लक्ष्य अपनी कुर्सी बचाए रखना है।
एसपी शिमला व्यक्तिगत हाईकोर्ट नहीं गए
जयराम ठाकुर ने दावा किया कि एसपी शिमला व्यक्तिगत कैपेसिटी में हाईकोर्ट नहीं गए हैं तथा उन्हें मुख्यमंत्री का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन के चीफ इंजीनियर विमल नेगी की मौत के लिए सरकार के कार्य करने के तौर-तरीकों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि इस मामले में सीबीआई जांच से सरकार परेशान है। अगर सरकार सच्ची है तो उसे परेशान होने की आवश्यकता नहीं है।
हिमाचल में चल रहा शराब का अवैध कारोबार
जयराम ठाकुर ने प्रदेश में शराब का अवैध कारोबार चलने का आरोप लगाया। उन्होंने सिरमौर जिले के कालाअंब में चल रही शराब की अवैध फैक्टरी का मामला उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने आज दिन तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि यह फैक्टरी किसकी है। इस अवैध फैक्टरी से बीते 2 वर्षों से हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अवैध तरीके से शराब की बिक्री हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि फैक्टरी पर कुछ दिन पहले जब आबकारी विभाग का छापा पड़ा तो मुख्यमंत्री कार्यालय के एक उच्चाधिकारी ने पूरी रात छापेमारी को रुकवाने के लिए दबाव डाला, जिससे कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। ऐसी ही घटना सोलन के परवाणू में भी हुई है।
राजीव बिंदल ने दी भाजपा के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार 11 वर्ष पूरे करने के अवसर पर हिमाचल प्रदेश भाजपा 9 जून से संकल्प से सिद्धि कार्यक्रम आरंभ कर रही है। इस कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा केंद्र सरकार की उपलब्धियों को बूथ, मंडल और जिला स्तर तक ले जाएगी। यह सिलसिला 20 जून तक चलेगा। उसके बाद 21 जून को भाजपा प्रदेश में 171 स्थानों पर योग दिवस मनाएगी। भाजपा 23 जून को डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस को मनाएगी। इस मौके पर प्रदेश के 8009 पोलिंग बूथों पर बूथ चौपाल आयोजित की जाएगी। भाजपा 25 जून को आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर कांग्रेस की तरफ से संविधान की धज्जियां उड़ाने को लेकर लोगों को जागरूक करेगी। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने बीते 11 वर्षों में जनकल्याण के काम किए हैं और पार्टी की तरफ से इन सभी कार्यों की जानकारी अपने कार्यकर्त्ताओं और नेताओं के माध्यम से घर-घर तक पहुंच जाएगी।
हिमाचल की खबरें व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए इस Link पर करें क्लिक