जयराम ठाकुर ने साधा निशाना, बोले-कांग्रेस सरकार को भाजपा से नहीं, अपनों से खतरा

punjabkesari.in Tuesday, Jun 25, 2024 - 06:52 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दावा किया है कि चुनाव के बाद प्रदेश में कांग्रेस सरकार ज्यादा दिन बचेगी नहीं? उन्होंने कहा कि सरकार को भाजपा से नहीं, बल्कि अपनों से खतरा है। उन्होंने कहा कि मुख्य संसदीय सचिव (सीपीएस) का निर्णय अगर खिलाफ गया तो सरकार बचेगी नहीं, जिस कारण भाजपा के 9 विधायकों की सदस्यता समाप्त करने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि 9 विधायकों ने विधानसभा के भीतर नारे लगाए हैं और नारे लगाने से किसी की सदस्यता नहीं जा सकती। जयराम ठाकुर यहां पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा अध्यक्ष सीएम की कठपुतली बनकर काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सीएम की तरफ से उनको पदों का प्रलोभन दिया गया है। 

विधानसभा अध्यक्ष का बयान उनके पद की गरिमा के खिलाफ
जयराम ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष का खुलेआम यह कहना उनके पद की गरिमा के खिलाफ है कि 6 के सिर कलम कर दिए गए हैं और 3 आरे के नीचे फड़फड़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष योग्य होंगे, लेकिन वह अपनी इस योग्यता का प्रयोग अपने पद की गरिमा के अनुरूप नहीं कर रहे हैं? उन्होंने बिलासपुर गोलीकांड की घटना के लिए पूर्व विधायक के पुत्र को आरोपी बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी संरक्षण में उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है। गोली चलाने के लिए भाड़े पर गुंडों को लाया गया और यह सबको पता है कि चिट्टे का कारोबार किसके ईशारे पर चल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में डेढ़ साल के कार्यकाल में दुष्कर्म की करीब 300 से अधिक घटनाएं और 150 के आसपास हत्याएं हुई हैं।

रवि-धवाला सब साथ चलेंगे, शीर्ष नेतृत्व कर रहा संवाद
जयराम ठाकुर ने देहरा विधानसभा क्षेत्र में पूर्व मंत्री रविंद्र रवि और रमेश धवाला की नाराजगी को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में कहा कि दोनों नेता पार्टी के साथ चलेंगे। इसके लिए शीर्ष नेतृत्व उनसे संवाद कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा तीनों उपचुनाव जीतेगी। लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस पार्टी 68 में से 61 सीटों पर हारी है।

वित्त आयोग से किया उदार वित्तीय मदद का आग्रह
जयराम ठाकुर ने कहा कि उन्होंने 16वें वित्तायोग के अध्यक्ष एवं सदस्यों के साथ बैठक के दौरान प्रदेश के लिए उदार वित्तीय मदद का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मंडी एयरपोर्ट के लिए पहले ही 1000 करोड़ रुपए स्वीकृत है। इसी तरह कांगड़ा एयरपोर्ट के लिए 400 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि वित्तायोग एयर कनैक्टीविटी के साथ प्रदेश हितों का ध्यान रखेगा।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News