व्यक्तिगत छींटाकशी करने की बजाय विकास पर ध्यान दें सीएम सुक्खू : जयराम

punjabkesari.in Wednesday, Oct 25, 2023 - 10:24 PM (IST)

मंडी (रजनीश): सत्ता हथियाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने हमेशा झूठ का सहारा लिया है। हिमाचल में भी इस बार कांग्रेस ने झूठी गारंटियां दीं और सरकार बनते ही विकास करने की बजाय बदले की भावना से काम किया और 10 महीनों में ही हजारों कर्मियों को नौकरी से निकाल दिया। इस निक्कमी सरकार ने मात्र 10 महीने में ही 10 हजार करोड़ रुपए का ऋण ले लिया लेकिन एक भी विकास कार्य नहीं किया। सरकाघाट के बलद्वाड़ा में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ये आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर पलटवार किया है। 

सुक्खू को सोते-जागते मेरी ही आ रही याद 
जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू को सोते-जागते मेरी ही याद आ रही है। सार्वजनिक मंच से बात कहते हुए उन्हें शब्दों की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए और शालीनता से अपनी बात रखनी चाहिए। मुझ से सवाल पूछने की बजाय पहले मुख्यमंत्री यह बताएं कि मंडी की जनता के लिए उन्होंने इन 10 महीनों में किया ही क्या है। सुक्खू को शायद पहले मालूम नहीं है कि सोमवार को जिस पड्डल मैदान में उन्होंने राहत वितरण कार्यक्रम किया, उसके बगल में प्रदेश का दूसरा विश्वविद्यालय भाजपा ने स्थापित किया था। यहीं पर 45 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले वल्लभ महाविद्यालय के भवन का निर्माण कार्य शुरू किया था। मुख्यमंत्री का हैलीकॉप्टर जिस हैलीपोर्ट पर उतरा था, वह भाजपा ने बनाया था। हैलीपोर्ट से कुछ दूरी पर 150 करोड़ की लागत से शिवधाम का काम भाजपा सरकार के समय शुरू हुआ था। 

वल्लभ महाविद्यालय व शिवधाम का काम बंद करवाना सुक्खू सरकार की बड़ी उपलब्धि
जयराम ठाकुर ने कहा कि सरदार पटेल विश्वविद्यालय को बंद करने की साजिश रची जा रही है। वल्लभ महाविद्यालय व शिवधाम का काम बंद करवाना सुक्खू सरकार की बड़ी उपलब्धि रही है। सुक्खू यह कह कर रहे हैं कि जयराम ने मंडी के लिए कुछ नहीं किया,अगर कुछ नहीं किया होता तो मंडी की जनता विधानसभा चुनाव में 10 से 9 सीटें नहीं देती। जयराम ठाकुर ने  तंज कसते हुए कहा कि यह सुक्खू की किस्मत है कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी थोड़े से वोटों के अंतर से जीत गई और वह मुख्यमंत्री बन गए। मगर यह दौर ज्यादा लंबा चलने वाला नहीं हैं। आने वाला समय कठिन होगा। बेहतर होगा कि सीएम सुक्खू आरोप लगाने की बजाय प्रदेश के विकास पर अपना ध्यान केंद्रित करें। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री धर्मपुर पहुंचे और यहां पूर्व मंत्री एवम भाजपा नेता महेंद्र सिंह ठाकुर के नव गृह प्रवेश कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान पूर्व मंत्री राजिंदर गर्ग, भाजपा के विधायक राकेश जंबाल, दलीप ठाकुर, दीप राज़, इंद्र सिंह गांधी, पूर्ण  चंद ठाकुर सहित अन्य भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News