विपक्ष का त्रुटियों पर बात करना भी जरूरी, जो भी कहा जनहित में कहा : जयराम

punjabkesari.in Saturday, Aug 19, 2023 - 10:13 PM (IST)

मंडी (रजनीश): विपक्ष में रहते हुए सरकार का सहयोग करने के अलावा त्रुटियों की बात करना भी जरूरी है। अब तक जो भी बात कही है वो जनहित की बात की है। विपक्ष की भूमिका को दरकिनार कर एक-दूसरे की मदद कैसे की जाए इस पर पार्टी के विधायक और पदाधिकारी काम कर रहे हैं। यह बात शनिवार को मंडी में पत्रकार वार्ता करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कही। उन्होंने कहा कि भाजपा विपक्ष की भूमिका को दरकिनार कर आपदा के समय प्रदेश सरकार को सहयोग करने के लिए मन से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सत्तापक्ष की ओर से बार-बार कहा जा रहा है कि केंद्र से कुछ भी नहीं मिला है। ऐसा कहने के बजाय और मदद की मांग की जा सकती है। 

विपक्ष नहीं, सत्तापक्ष की ओर से की जा रही राजनीति
जयराम ने कहा कि आपदा के समय राजनीति विपक्ष नहीं बल्कि सत्तापक्ष की ओर से की जा रही है। मुख्यमंत्री 1 लाख देने की घोषणा करते हैं तो प्रशासन 15-20 हजार रुपए दे रहा है जबकि पात्र लोगों तक राहत नहीं पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि इस आपदा के दौरान जिन लोगों के मकान गिर गए हैं और जमीन भी बह गई है। ऐसे लोगों को सरकार घर बनाने के लिए जमीन मुहैया करवाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अगर प्रदेश को आपदा ग्रस्त घोषित किया है तो इस दौरान होने वाली मृत्यु का मुआवजा भी बढ़ाया जाए और राहत राशि में भी बढ़ौतरी की जाए। केवल मात्र खबर के लिए घोषणाएं करने की बजाय प्रदेश सरकार को केंद्र से अधिक राहत राशि कैसे लें इस पर ध्यान देना चाहिए। 

शिविर में एक कमरे में ठहराए जा रहे 30-40 लोग
जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान में राहत शिविरों में लोग बीमार हो रहे हैं। एक-एक कमरे में 30-40 लोगों को ठहराया जा रहा है। वहां पर पंखे भी नहीं हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा के विधायकों ने अपना 1-1 महीने का वेतन देना शुरू कर दिया है। उन्होंने स्वयंसेवी एवं सामाजिक संस्थाओं से भी अपील की है कि वे भी अपनी ओर से मदद के लिए आगे आएं।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News