हिमाचल में इस वर्ष होगा ओलिम्पिक फैस्टीवल, सभी जिलों में अलग-अलग होगा खेलों का आयोजन

Monday, May 08, 2023 - 12:05 AM (IST)

शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश में इस वर्ष ओलिम्पिक फैस्टीवल आयोजित किया जाएगा। प्रदेश सरकार के सहयोग से यह ओलिम्पिक फैस्टीवल आयोजित करने का निर्णय हिमाचल प्रदेश ओलिम्पिक संघ ने लिया है। इस फैस्टीवल में सभी खेल स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी जोकि राज्य में खेली जाती हैं। विभिन्न खेलों का आयोजन अलग-अलग जिलों में किया जाएगा। खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए रविवार को हिमाचल प्रदेश ओलिम्पिक संघ की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) यह निर्णय लिया गया। एजीएम की अध्यक्षता पूर्व कैबिनेट मंत्री संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र कंवर पूर्व मंत्री और वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुखराम चौधरी ने की। बैठक में संघ के महासचिव राजेश भंडारी, कोषाध्यक्ष तेज प्रकाश चोपड़ा, सदस्य डीडी वर्मा, ईश्वर रोहल, एसके शांडिल और विभिन्न खेल संघों और संबद्ध इकाइयों का प्रतिनिधित्व करने वाले ओलिम्पिक संघ के लगभग 50 सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में संघ के सदस्यों ने पिछले वर्ष की अपनी गतिविधियों की रिपोर्ट दी। 

सभी खेल संघ एकजुट होकर करें कार्य 
आम सभा में ओलिम्पिक संघ के पदाधिकारियों व सदस्यों ने खेलों को बढ़ावा देेने व सुधार लाने के लिए अपने सुझाव दिए। इस दौरान जिन बिंदुओं पर एजीएम में पदाधिकारियों ने सुझाव दिए गए कि प्रदेश के सभी खेल संघों को एकजुट होकर कार्य करना चाहिए। उनका कहना था कि वर्तमान में खेल संघों व खेल विभाग के बीच उचित समन्वय नहीं है। यह भी सुझाव दिया गया कि खेल संघों व शिक्षा विभाग, काॅलेज, विश्वविद्यालयों के बीच उचित समन्वय स्थापित किया जाना चाहिए, ताकि खेलों को बढ़ावा देने के साथ-साथ आयोजन किया जा सके। यह भी सुझाव दिया गया कि उन खेलों को प्राथमिकता देनी चाहिए और ऐसे खेलों को बढ़ावा देना चाहिए जो राज्य में पहाड़ी इलाकों के अनुकूल हों। जमीनी स्तर पर तहसील, जिला व राज्य स्तर पर खेल के बुनियादी ढांचे को विकसित करने और जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं की पहचान करने के लिए कदम उठाने चाहिए। यह भी कहा गया कि राज्य खेल संघ जो राष्ट्रीय/अंतर्राष्ट्रीय ओलिम्पिक संघ के तहत काम कर रहे हैं और राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों को मंच प्रदान कर रहे हैं, उन्हें राज्य सरकार के कार्यक्रमों की योजना और कार्यान्वयन में शामिल होना चाहिए।

हाई अल्टीच्यूड अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खेल केंद्र का हो निर्माण 
हिमाचल प्रदेश ओलिम्पिक संघ की वार्षिक आम बैठक में सुझाव दिया गया कि राज्य में प्रशिक्षण व प्रतियोगिता के लिए अंतर्राष्ट्रीय खेल टीमों/खिलाड़ियों को आकर्षित करने के लिए हाई अल्टीच्यूड अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खेल केंद्र का निर्माण करना चाहिए। इससे प्रदेश के खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षण लेने का मौका मिलेगा और उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिलेगा। इससे पर्यटन को बढ़ावा भी मिलेगा। हिमाचल प्रदेश ओलिम्पिक संघ ने प्रदेश के युवाओं को शामिल कर पंचायत स्तर पर खेल गतिविधियां शुरू करने और उनकी ऊर्जा को नशे और अन्य बुराइयों से दूर करने व सकारात्मक दिशा में लगाने पर जोर दिया। सदस्यों ने खेलों में राष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों पर भी प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि उत्कृष्ट खिलाड़ियों को विशेष प्रोत्साहन दिया जाना चाहिए। पूर्व में भी हमारे एथलीटों ने विभिन्न क्षेत्रों में राज्य का नाम रोशन करते हुए पदक जीते हैं।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
 

Content Writer

Vijay