Mandi: 5 दिन की ट्रेनिंग और सरकारी अनुदान से खड़ा कर दिया सवा करोड़ का प्लांट, अब विदेशों में बिकेगा हिमाचल का ये खास तेल
punjabkesari.in Wednesday, Nov 25, 2026 - 03:18 PM (IST)
मंडी (रजनीश): मंडी जिले के बल्ह उपमंडल के अंतर्गत लूणापानी निवासी राजेश गुलेरिया ने स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों और सुगंधित पौधों का व्यावसायिक दोहन करते हुए कृषि-उद्यमिता के क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश सरकार के उद्यान विभाग की एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना का लाभ उठाते हुए उन्होंने लूणापानी में लगभग 1.18 करोड़ (सवा करोड़) रुपए की लागत से आरके एरोमैटिक्स नाम से आवश्यक तेल निष्कर्षण एवं प्रसंस्करण इकाई स्थापित की है। इस इकाई के माध्यम से हिमाचल की जड़ी-बूटियों और फलों के तेल को अब राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की तैयारी है।

50 लाख के सरकारी अनुदान और तकनीकी प्रशिक्षण से स्थापित हुई यूनिट
राजेश गुलेरिया के बेटे दीक्षांत के अनुसार इस सैकेंडरी प्रोसैसिंग यूनिट में डिस्टिलेशन सहित विभिन्न आधुनिक मशीनरी स्थापित की गई हैं। राजेश गुलेरिया ने वर्ष 2024-25 में उद्यान विभाग के बल्ह कार्यालय में इस इकाई की स्थापना के लिए आवेदन किया था। परियोजना के तहत महंगी मशीनरी की खरीद पर प्रदेश सरकार की ओर से 50 प्रतिशत उपदान (लगभग 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता) प्रदान किया गया है। इस उद्यम को धरातल पर उतारने से पूर्व राजेश गुलेरिया ने वर्ष 2025-26 में पुष्प क्रांति योजना के तहत जीबी पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान, मौहल (कुल्लू) में पांच दिवसीय प्रशिक्षण भी प्राप्त किया, जहां उन्होंने सुगंधित पौधों के प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन की व्यावहारिक बारीकियां सीखीं।
जंगली खुबानी और सुगंधित पौधों का निकलेगा तेल, किसानों को मिलेगा सीधा बाजार
इस प्रसंस्करण इकाई में टैगेटिस, कैलमस, क्लेरी सेज, पामारोजा, आर्टेमिसिया जैसे सुगंधित पौधों के साथ-साथ जंगली खुबानी एवं खुबानी की गिरी का तेल तैयार किया जाएगा। इन उत्पादों के निर्माण के लिए कच्चा वनस्पति पदार्थ सीधे स्थानीय किसानों और संग्राहकों से खरीदा जाएगा। इससे क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए स्थानीय स्तर पर ही स्थायी बाजार उपलब्ध होगा और उन्हें सुगंधित फसलों की खेती के माध्यम से अतिरिक्त आय अर्जित करने के अवसर मिलेंगे।

सालाना 2.5 करोड़ के टर्नओवर का लक्ष्य, 15 से 20 लोगों को मिलेगा रोजगार
राजेश गुलेरिया ने बताया कि इस इकाई में तैयार होने वाले आवश्यक तेलों की मार्कीटिंग घरेलू बाजार के साथ-साथ विदेशों में भी की जाएगी। यूनिट की उत्पादन क्षमता के आधार पर प्रतिवर्ष लगभग 2.46 से 2.50 करोड़ रुपए का कारोबार अर्जित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे सालाना 80 लाख से एक करोड़ रुपए तक के शुद्ध मुनाफे की संभावना है। इसके अतिरिक्त, इस इकाई के संचालन से लगभग 15 से 20 कुशल, अकुशल कामगारों और तकनीकी कर्मचारियों को प्रत्यक्ष रोजगार भी उपलब्ध होगा। राजेश गुलेरिया ने इस उद्यम की स्थापना में मिले आर्थिक सहयोग व मार्गदर्शन के लिए मुख्यमंत्री और उद्यान विभाग का आभार व्यक्त किया है।
गैस क्रोमैटोग्राफी तकनीक से होगी गुणवत्ता की वैज्ञानिक जांच
उद्यान विभाग सुंदरनगर के विषयवाद विशेषज्ञ डॉ. राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि लगभग 2.46 करोड़ रुपए के अनुमानित वार्षिक कारोबार वाली इस इकाई में आधुनिक प्रसंस्करण मशीनरी के साथ-साथ गैस क्रोमैटोग्राफी आधारित गुणवत्ता विश्लेषण की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इस तकनीक की मदद से यहां तैयार होने वाले तेलों की शुद्धता और गुणवत्ता का वैज्ञानिक तरीके से सटीक विश्लेषण किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि कृषि एवं बागवानी उत्पादों के मूल्य संवर्धन, ग्रामीण रोजगार सृजन और स्थानीय संसाधनों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की दिशा में यह इकाई एक महत्वपूर्ण मॉडल बनकर उभरी है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

