नादौन को मिलेगा खेलों का बड़ा तोहफा: इंडोर स्टेडियम के लिए भूमि अधिग्रहण शुरू

punjabkesari.in Friday, Feb 06, 2026 - 09:11 AM (IST)

हमीरपुर। उपमंडल मुख्यालय नादौन के खरीड़ी मैदान में निर्माणाधीन इंडोर स्टेडियम एवं बहु-खेल परिसर के लिए तहसील नादौन के मौजा कोहला के गांव डोली घराना के 14 भूमि मालिकों की लगभग 7561.06 वर्गमीटर निजी भूमि के अधिग्रहण की अधिसूचना जारी कर दी गई है।
एडीसी हमीरपुर और डोली घराना गांव के भूमि अधिग्रहण प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं पुनर्व्यवस्थापन कार्य के प्रशासक अभिषेक गर्ग ने बताया कि इस भूमि अधिग्रहण से प्रभावित परिवारों के लिए पुनर्वास एवं पुनर्व्यवस्थापन योजना को मंडी के मंडल आयुक्त ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत स्वीकृति प्रदान की थी।

एडीसी ने बताया कि भूमि अधिग्रहण से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को पूर्ण करने के बाद युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के सचिव ने भूमि अर्जन, पुनर्वासन और पुनर्स्थापन में उचित प्रतिकर और पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम-2013 की धारा 19 (1) के तहत गांव डोली घराना के 14 भूमि मालिकों सुभाष चंद, संजय कुमार, ब्रह्मी देवी, मनोज कुमार, कृष्णा देवी, राकेश कुमार, करतारो देवी, केहरू राम, लाल चंद, रमेश कुमार, कृष्ण चंद, डीएवी स्कूल, सुनील कुमार और तुषार अवस्थी की कुल लगभग 7561.06 वर्गमीटर निजी भूमि के अधिग्रहण की अधिसूचना जारी कर दी है।

उन्होंने बताया कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं पुनर्व्यवस्थापन का विशेष ध्यान रखते तथा इनके लिए बेहतरीन योजना तैयार करने के बाद अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार ही यह अधिसूचना जारी की गई है। हिंदी और अंग्रेजी में इसकी प्रतियां नादौन के एसडीएम और तहसीलदार कार्यालयों और क्षेत्र के महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों पर भी उपलब्ध करवा दी गई है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News