हिमाचल की सियासत फिर गर्माई, भाजपा के 9 विधायकों को नोटिस जारी

punjabkesari.in Friday, Mar 15, 2024 - 10:59 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): लोकसभा चुनाव की घोषणा से ठीक पहले हिमाचल प्रदेश की सियासत राेज नई करवट ले रही है। ताजा घटनाक्रम के तहत अब हिमाचल प्रदेश विधानसभा में हंगामा करने वाले भाजपा के 9 विधायकों को नोटिस जारी किए गए हैं। विधानसभा सचिवालय की तरफ से ये नोटिस कांग्रेस विधायक अजय सोलंकी की शिकायत पर किए गए हैं। जिन भाजपा विधायकों को ये नोटिस जारी हुए हैं उनमें सतपाल सिंह सत्ती, इंद्र सिंह गांधी, विनोद कुमार, हंस राज, सुरेंद्र शौरी, विपिन परमार, दीपराज, त्रिलोक जम्वाल व लोकेंद्र कुमार शामिल हैं। इन विधायकों को संविधान के अनुच्छेद-194 के तहत नोटिस जारी किए गए हैं। भाजपा विधायकों को 18 मार्च तक नोटिस का लिखित में जवाब देना होगा। विधानसभा सचिवालय की तरफ से भेजे गए नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि यदि विधायक निश्चित समयावधि के भीतर अपना जवाब नहीं देते तो विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया नियमानुसार कार्रवाई कर सकते हैं।

क्या है मामला
विधानसभा के बजट सत्र के दौरान गत 28 फरवरी को सदन में बजट पारित होना था। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सदन की कार्यवाही शुरू होते स्पष्ट कर दिया था कि दोपहर बाद 3 बजे गिलोटिन लागू होगा। इस दौरान सदन में हंगामा हुआ, जिस कारण विधानसभा अध्यक्ष ने भाजपा के 15 सदस्यों को सदन से निष्कासित कर दिया। उन्होंने मार्शलों को निष्कासित सदस्यों को सदन से बाहर ले जाने को कहा। उसके बाद सदन में हंगामा जारी रहा और भाजपा विधायकों ने वैल में आकर नारेबाजी की। इसी दिन बजट भी पारित होना था। सदन में 28 फरवरी को हुए इसी हंगामे को लेकर कांग्रेस विधायक अजय सोलंकी ने विधानसभा अध्यक्ष को शिकायत की है। उन्होंने अपनी शिकायत में भाजपा सदस्यों पर सदन में नारेबाजी, हंगामा करने व विधानसभा अध्यक्ष के प्रति आपत्तिजनक नारेबाजी करने के साथ-साथ धमकी देने जैसे शब्दों का उल्लेख अपनी शिकायत में किया है। शिकायत में कहा गया है कि भाजपा सदस्यों के इस आचरण से न सिर्फ निष्पक्षता से चल रही प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही बाधित हुई बल्कि अन्य सदस्यों का विशेषाधकार व सुरक्षा को भी उन्होंने खतरा बताया। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष को शिकायत भेजकर इस प्रकरण पर कार्रवाई की मांग की है।

18 मार्च कांग्रेस सरकार व विपक्षी भाजपा के लिए महत्वपूर्ण दिन
18 मार्च का दिन कांग्रेस सरकार व विपक्षी भाजपा के लिए महत्वपूर्ण है। इसी दिन सुप्रीम कोर्ट में कांग्रेस के 6 बागियों को लेकर सुनवाई होनी है। ऐसी परिस्थितियों में भाजपा के 9 विधायकों के भाग्य का फैसला विधानसभा अध्यक्ष के पास रहेगा। इन विधायकों को 18 मार्च को जवाब देना होगा।

महत्वपूर्ण हो सकती है राजभवन की भूमिका
हिमाचल प्रदेश की सियासत जिस तरह से करवट बदल रही है, उसको ध्यान में रखते हुए आगामी समय में राजभवन की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है। यानी विपक्षी दल भाजपा एक बार फिर राजभवन का रुख करके अपना पक्ष रख सकता है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News