Himachal: आदि हिमानी चामुंडा ट्रैक से लापता नितिन का अब तक नहीं मिला सुराग, सर्च ऑप्रेशन जारी
punjabkesari.in Saturday, Jun 21, 2025 - 11:18 AM (IST)

धर्मशाला, (विवेक): आदि हिमानी चामुंडा ट्रैक पर निकलने के बाद लापता हुए प्रोफैशनल ट्रैकर नितिन शर्मा का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। सूत्रों के अनुसार शुक्रवार को भी मौसम खराब होने के बीच भी नितिन की तलाश को सर्च अभियान जारी रहा। हालांकि इस दौरान मौसम से सर्च को गए सभी दलों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वीरवार को बनेर खड्डु के आरंभ स्थल के साथ लगते वाटरफाल तक चले सर्च अभियान को आगे बढ़ाते हुए ऊंचे पहाड़ी क्षेत्र अर्जुनताल से जिला चम्बा के बताए जा रहे केलंग पास के क्षेत्र में नितिन को तलाशा गया।
इस सर्च अभियान में ड्रोन, एस.डी.आर.एफ. टीम, जिला आपदा प्रबंधन दल व नितिन के ट्रैकर मित्र संयुक्त रूप से तलाश कर रहे हैं, लेकिन अभी तक लापता से संबंधित एक भी सुराग हाथ नहीं आया है। अब सर्च अभियान को इस योजना के तहत अनुमान के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है कि लापता युवक ने यहां से सीधे जिला चम्बा के केलंग ट्रैक की योजना तो नहीं बनाई है।
गौरतलब है कि आदि हिमानी चामुंडा ट्रैक पर 14 जून की सुबह नितिन शर्मा, उम्र (27) वर्ष, गांव व डाकघर लोहारा, तहसील अम्ब, जिला ऊना ट्रैकिंग को निकला था। इसके बाद घर वापस न लौटने पर लापता युवक की बहन ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी।
चम्बा प्रशासन से भी साधा संपर्क
जानकारी के अनुसार ट्रैकिंग को निकले नितिन की जिला चम्बा की ओर जाने का अनुमान लगाते हुए अब जिला प्रशासन ने जिला चम्बा प्रशासन से भी संपर्क साधा है, ताकि अगर नितिन जिला चम्बा की पहाड़ियों में निकल गया है तो संभव संयुक्त प्रयासों से नितिन को तलाश लिया जाए। इसके साथ ही प्रशासन द्वारा आवश्यकता पड़ने पर चौपर उपलब्ध करवाने को भी बात कही जा रही है।
रैस्क्यू को गए कर्मचारी भी हुए बीमार
सूत्रों के अनुसार रैस्क्यू को गए कुछ कर्मी खुद भी बीमार हो गए हैं। जिनको नीचे वापस बुलाकर उनके स्थान पर अन्य कर्मी को इस सर्च अभियान के लिए उपलब्ध करवा दिया गया है।
हेमराज बैरवा, डी.सी., कांगड़ा का कहना है कि संयुक्त सर्च अभियान के तहत आदि हिमानी चामुंडा की पहाड़ियों में खोजबीन की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर चौपर उपलब्ध करवाकर भी लापता युवक की तलाश की जाएगी।