Himachal: रोहतांग जाने का बना रहे प्लान...तो पढ़ लें प्रशासन के ये नए आदेश, वरना हो सकती है परेशानी
punjabkesari.in Tuesday, May 05, 2026 - 04:11 PM (IST)
कुल्लू (संजीव): रोहतांग का रुख करने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर है। जिला दंडाधिकारी कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा ने रोहतांग मार्ग पर यातायात व्यवस्था को लेकर नए आदेश जारी कर दिए हैं। यह निर्णय पर्यटकों की सुविधा और सड़क सुधार कार्यों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
गुलाबा से मढ़ी तक वाहनों की आवाजाही को मंजूरी
जिला प्रशासन ने उपमंडल दंडाधिकारी मनाली, पुलिस विभाग और सीमा सड़क संगठन की एक संयुक्त निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर यह फैसला लिया है। निरीक्षण में पाया गया कि गुलाबा से मढ़ी तक का मार्ग पर्यटक वाहनों के संचालन के लिए पूरी तरह सुरक्षित है। इसी के चलते, मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 115 के तहत जिला दंडाधिकारी ने गुलाबा से मढ़ी तक वाहनों की आवाजाही को मंजूरी दे दी है। यह अनुमति राष्ट्रीय हरित अधिकरण द्वारा निर्धारित शर्तों के अधीन होगी।
रोहतांग दर्रे की ओर पूर्ण प्रतिबंध
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मढ़ी से आगे रोहतांग दर्रे की तरफ फिलहाल किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी। अगले आदेशों तक यह क्षेत्र पर्यटकों के लिए पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
अगले 2 सप्ताह तक प्रत्येक मंगलवार बंद रहेगा रास्ता
सड़क की मुरम्मत और टारिंग कार्य को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए प्रशासन ने खास इंतजाम किए हैं। अगले 2 सप्ताह तक प्रत्येक मंगलवार को रोहतांग मार्ग पूर्णतः बंद रहेगा। यह प्रतिबंध 19 मई तक प्रभावी रहेगा।
सुरक्षा के लिए स्थापित होगा नया बैरियर
यातायात व्यवस्था पर पैनी नजर रखने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने गुलाबा स्थित अस्थायी पुलिस बैरियर के अतिरिक्त अब मढ़ी में भी एक नया अस्थायी पुलिस बैरियर स्थापित करने का निर्णय लिया है।
निर्देशों का सख्ती से पालन करें पर्यटक और स्थानीय लोग
जिला प्रशासन ने सभी आम नागरिकों और पर्यटकों से अपील की है कि वे जारी निर्देशों का सख्ती से पालन करें। यात्रा की योजना बनाने से पहले निर्धारित प्रतिबंधों और रूट की जानकारी जरूर लें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके और यात्रा सुरक्षित बनी रहे।

