हिमाचल सरकार ने HIMUDA के फ्लैट्स और जमीनें बेचने का निकाला नया फार्मूला

Wednesday, Oct 16, 2019 - 09:31 AM (IST)

शिमला (प्रीति): प्रदेश सरकार ने हिमुडा के फ्लैट्स और जमीनें बेचने का नया फार्मूला निकाला है। इसके तहत सरकार अब हिमुडा के अधिकारियों और कर्मचारियों को फ्लैट्स और जमीनें बेचने का जिम्मा देगी। उक्त अधिकारियों और कर्मचारियों को टारगेट दिया जाएगा, जिसे तय समय में इन्हें पूरा करना होगा। ऐसे में यदि हिमुडा के अधिकारी और कर्मचारी तय समय में ये टारगेट पूरा नहीं करते हैं, तो इन पर गाज भी गिर सकती है। इसके साथ ही जो अधिकारी या कर्मचारी अपना टारगेट 100 प्रतिशत पूरा करता है, उसे इसका ईनाम दिया जाएगा। इसी मामले पर हिमुडा के सचिव ने मंगलवार को अधिकारियों की बैठक बुलाई। इसमें प्रदेश भर से अधिकारियों ने भाग लिया। 

बैठक की अध्यक्षता हिमुडा सचिव सी.पालरासु ने की। इसमें हिमुडा के  फ्लैट्स और जमीनें बेचने को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान मामले पर अधिकारियों से भी राय ली गई। बैठक में सचिव द्वारा सभी अधिकारियों को 100 दिन में हिमुडा की संपत्तियां बेचने के निर्देश दिए गए हैं। जो अधिकारी हिमुडा की ज्यादा से ज्यादा संपत्तियां बेचेगा, उसे सरकार की ओर से ईनाम दिया जाएगा। बता दें कि हिमुडा की अधिकतर संपत्तियों को खरीददार नहीं मिले हैं। हाल ही में हिमुडा ने प्रदेश में अपनी 166 व्यावसायिक संपत्तियों की नीलामी की, लेकिन इस दौरान हिमुडा की केवल 35 संपत्तियां ही बिक पाईं। ऐसे में सरकार ने इन संपत्तियों को बेचने के लिए उक्त योजना बनाई है।

56 करोड़ की संपत्तियों में से 7.83 करोड़ की संपत्तियां ही बिकीं

प्रदेश में 10 दिन चली नीलामी में हिमुडा की 56 करोड़ की संपत्तियों में से केवल 7.83 करोड़ की संपत्तियां ही बिकीं। बताया जा रहा है कि इस दौरान नालागढ़ में ही हिमुडा की सबसे ज्यादा दुकानें बिकी हैं। नालागढ़ में 3.90 लाख की 13 दुकानें बिकीं। इस दौरान शिमला और सिरमौर में हिमुडा को अच्छा रिस्पांस नहीं मिला है। ऐसे में अब हिमुडा दोबारा ये नीलामी करने जा रही है। गौर हो कि हिमुडा ने 166 कमर्शियल यूनिट की नीलामी परवाणु, बद्दी, पांवटा साहिब, शिमला, सोलन में रखी थी। इस दौरान नाहन में दुकानों और शॉपिंग कॉम्पलैक्स की भी नीलामी की गई।

Ekta