Himachal: मंडी में 3 जगह बादल फटने से भारी तबाही, मकान-गऊशालाएं मलबे में दबे, 4 की माैत, कई लापता

punjabkesari.in Tuesday, Jul 01, 2025 - 11:46 AM (IST)

मंडी (रजनीश): हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सोमवार देर रात कुदरत का ऐसा कहर बरपा कि कई जिंदगियां इसकी चपेट में आ गईं। जिले के 3 अलग-अलग इलाकों में बादल फटने से भारी बारिश और भूस्खलन हुआ, जिससे जानमाल का भारी नुक्सान हुआ है। मंडी जिला के जिन इलाकाें में बादल फटने की घटनाएं पेश आई हैं, उनमें करसाेग, गाेहर और धर्मपुर शामिल हैं। जिला प्रशासन द्वारा मिली जानकारी के अनुसार अब तक 4 लोगों की मौत हो गई। इनमें करसोग में 1, गोहर में 2 और जाेगिंद्रनगर के नेरी काेटला में 1 व्यक्ति की माैत पुष्टि हुई है, जबकि जिले के अलग-अलग इलाकाें से 16 से लोग लापता बताए जा रहे हैं। उधर, चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर कुल्लू और मंडी के बीच दवाड़ा में लैंडस्लाइड हो गया। रात से यहां ट्रैफिक बंद है। हाईवे खुलने के इंतजार में लोगों ने टनल में ही सोकर रात गुजारी। मंडी जिला के उपमंडल में भी मूसलाधार बारिश के चलते काफी ज्यादा नुक्सान हुआ है।
PunjabKesari

स्याठी गांव पर टूटा आफत का पहाड़
धर्मपुर उपमंडल का स्याठी गांव इस त्रासदी का सबसे बड़ा शिकार बना है। बादल फटने से यहां पूरा का पूरा पहाड़ ही इस गांव पर आ गिरा। स्याठी गांव मलबे में पूरी तरह से दब गया है, जिससे कई घर और गऊशालाएं जमींदोज हो गए। बचाव दल मौके पर पहुंचने की कोशिश कर रहा है, लेकिन मलबे का विशाल ढेर राहत और बचाव कार्यों में बड़ी चुनौती पेश कर रहा है। आशंका है कि मलबे में कई लोग दबे हो सकते हैं। वहीं धर्मपुर कांडा पत्तन पुल भी बाढ़ की चपेट में आकर बह गया है।
PunjabKesari

गोहर में दो घर बहे, 9 लोग लापता
गोहर क्षेत्र में भी स्थिति भयावह है। यहां देर रात बादल फटने के बाद अचानक आई बाढ़ ने दो घरों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वे पानी में बह गए। इन घरों में रहने वाले 9 लोग लापता बताए जा रहे हैं। स्थानीय प्रशासन और बचाव दल लापता लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। सिराज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बाड़ा में भारी बारिश ने कहर बरपाया है, यहां एक मकान ढहने से 6 लोग दब गए हैं। इनमें से 4 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। मलवे में दबे अन्य एक बुजुर्ग महिला और एक लड़के का रैस्क्यू जारी है।
PunjabKesari

कुट्‌टी बाईपास और थुनाग में भी भारी नुक्सान
मंडी के कुट्‌टी बाईपास, पुराना बस अड्डा और थुनाग में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई जगहों पर भूस्खलन के कारण सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं, जिससे यातायात बाधित हुआ है। इन क्षेत्रों में भी कुछ घरों के क्षतिग्रस्त होने और मलबे में दबने की सूचना है।

बढ़ सकता है आंकड़ा
प्राप्त जानकारी के अनुसार धर्मपुर के स्याठी गांव सहित जिले के विभिन्न हिस्सों में हुए भूस्खलन और फ्लैश फ्लड की वजह से 20 से ज़्यादा घर पूरी तरह से मलबे में दब गए हैं या पानी में बह गए हैं। जैसे-जैसे बचाव कार्य आगे बढ़ेगा, यह आंकड़ा बढ़ने की आशंका है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है, लेकिन खराब मौसम इसमें बाधा डाल रहा है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News