Sirmour: ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर धोखाधड़ी, महिला को लगी 5.64 लाख रुपए की चपत

punjabkesari.in Thursday, Oct 15, 2026 - 07:02 PM (IST)

नाहन (आशु): सिरमौर जिले के पच्छाद क्षेत्र में ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर एक महिला से लाखों रुपए की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शिकायतकर्त्ता भावना शर्मा पुत्री देवेंद्र शर्मा निवासी गांव एवं डाकघर सराहां तहसील पच्छाद की शिकायत पर पुलिस थाना पच्छाद में केस दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार साइबर क्राइम पुलिस थाना सीआईडी शिमला से ऑनलाइन सीसीटीएनएस एप्लीकेशन के माध्यम से एक जीरो एफआईआर प्राप्त हुई। शिकायतकर्त्ता ने साइबर क्राइम हैल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के अनुसार भावना शर्मा ने इंस्टाग्राम पर एक शॉपिंग पेज देखा था और वहां से सामान मंगवाने का निर्णय लिया। इस संबंध में पेज संचालक से बातचीत हुई और उसे सामान भेजने का आश्वासन दिया गया। कुछ दिनों बाद उसे एक फोन कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने बताया कि उसका सामान कस्टम विभाग ने पकड़ लिया है और उसे छुड़ाने के लिए जुर्माना भरना होगा।

शिकायतकर्त्ता के अनुसार फोन करने वाले ने पैसे नहीं देने पर मुकद्दमा दर्ज करवाने और सीबीआई से गिरफ्तार करवाने की धमकी दी। इसके बाद अलग-अलग मोबाइल नंबरों से दिन-रात लगातार फोन कॉल किए जाने लगे। कॉल करने वाले व्यक्ति कथित तौर पर स्वयं को सीबीआई और पुलिस विभाग का अधिकारी बताते थे। शिकायत में यह भी कहा गया है कि उन्होंने अपनी सोशल मीडिया प्रोफाइल पर सीबीआई एवं पुलिस अधिकारियों की तस्वीरें लगा रखी थीं।

इस तरह उसे डराकर कुल 5,64,000 रुपए की धोखाधड़ी की गई। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस थाना पच्छाद में केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की आगामी जांच जारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर ऑनलाइन खरीदारी करते समय सतर्क रहें। जागरूकता और सतर्कता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News